:
Breaking News

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: समस्तीपुर में 96 हजार परिवारों के खातों में 96 करोड़ 87 लाख रुपए का अंतरण

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर, 16 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत आज समस्तीपुर जिला सभागार में 25 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 10,000 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से कुल 2,500 करोड़ रुपए का सीधा अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह और डीपीएम जीविका बिक्रांत शंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस योजना के माध्यम से राज्य के सभी परिवारों की महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। लाभार्थियों को प्रारंभिक राशि 10,000 रुपये दी गई है, जबकि बाद में उनके रोजगार के आकलन के आधार पर 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत महिलाओं को न केवल वित्तीय मदद मिलेगी बल्कि रोजगार प्रशिक्षण और उत्पादन में सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।
लाभार्थियों को स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा, जो रोजगार के चयन, प्रशिक्षण और उत्पादन में मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा, उनके उत्पादों की बिक्री के लिए गांव से शहर तक हाट-बाजार और विपणन व्यवस्था विकसित की जाएगी। इस पहल का लक्ष्य महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है।
समस्तीपुर जिला में अब तक कुल 6,43,551 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की 5,72,990 महिलाएँ और शहरी क्षेत्र की 70,561 महिलाएँ शामिल हैं। आज के कार्यक्रम में 96,875 परिवारों के खातों में कुल 96 करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपये का अंतरण किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित 200 से अधिक जीविका दीदियों ने योजना की सफलता और महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में इसके प्रभाव को सराहा। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना से महिलाएँ न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, बल्कि स्वाभिमान और गरिमा के साथ जीवन जीने में भी सक्षम होंगी।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना न केवल व्यक्तिगत आय बढ़ाने में मदद कर रही है, बल्कि राज्य एवं देश के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *