:
Breaking News

कटिहार के हटिया बाजार में भीषण आग, दुकानों और करोड़ों की संपत्ति राख में तब्दील, प्रशासन राहत कार्य में जुटा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

कटिहार। जिले के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र हटिया बाजार में सोमवार को लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में त्राहि-त्राहि मचा दी। आग की लपटों ने देखते ही देखते दुकानों की कतारों को अपनी चपेट में ले लिया और करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली मानो किसी ने जानबूझकर बारूद बिछा दिया हो।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में घनी आबादी और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र होने के बावजूद पर्याप्त दमकल गाड़ियां उपलब्ध नहीं थीं, जिससे आग फैलने की संभावना और बढ़ गई। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि अगर दमकल सेवाएं समय पर पहुंचतीं, तो नुकसान इतना व्यापक नहीं होता।
सूचना मिलते ही भागलपुर, नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक आग ने अपना कहर दिखा दिया था। प्रशासन ने अब तक 50 से अधिक दुकानों के जलने की पुष्टि की है, जबकि स्थानीय दुकानदार दावा कर रहे हैं कि 500 से ज्यादा दुकानें पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं।
घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, जिससे स्थिति और पेचीदा हो गई है। मौके पर पहुंचे एसडीओ और अन्य अधिकारी ने दमकल सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन दिया। प्रशासन ने कहा कि आग पीड़ितों को वित्तीय सहायता और हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।
विशेषज्ञ मानते हैं कि हटिया बाजार में हुई यह आग इस साल की सबसे बड़ी आगजनी मानी जा सकती है। आग की तीव्रता और तेजी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह केवल हादसा था या कहीं किसी तरह की लापरवाही या साजिश इसमें शामिल थी।
प्रशासन ने बताया कि नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए व्यापक कदम उठाए जाएंगे। आग की जांच और हटिया बाजार की राख में दबी सच्चाई का खुलासा कब होगा, यह अब सभी की निगाहों में है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *