:
Breaking News

37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी शेड्यूल घोषित, 10 राज्यों में अप्रैल में मतदान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने बुधवार को 10 राज्यों में होने वाले 37 राज्यसभा सीटों के चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया है। अप्रैल 2026 में इन सीटों पर कार्यकाल समाप्त होने वाला है। चुनावी राज्यों में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए ये राज्यसभा चुनाव भी राजनीतिक दृष्टि से अहम माने जा रहे हैं।
चुनाव आयोग के शेड्यूल के मुताबिक महाराष्ट्र से सात, तमिलनाडु से छह, बिहार और पश्चिम बंगाल से पांच-पांच, ओडिशा से चार, असम से तीन, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से दो-दो और हिमाचल प्रदेश से एक सीट पर चुनाव होंगे। महाराष्ट्र में डॉ. भगवत किशनराव कराड, डॉ. फौजिया तहसीन अहमद खान, प्रियंका विक्रम चतुर्वेदी, शरदचंद्र गोविंदराव पवार, धैर्यशील मोहन पाटिल, रजनी अशोकराव पाटिल और रामदास बंदू आठवले अप्रैल में रिटायर होंगे।
ओडिशा से ममता मोहंता, मुजीबुल्ला खान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी; तमिलनाडु से एनआर एलंगो, पी सेल्वारासु, एम थम्बिदुरई, तिरुची सिवा, डॉ. कनिमोझी एनवीएन सोमू और जीके वासन; पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर और सुब्रत बक्शी; असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइयां; बिहार से अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और हरिवंश नारायण सिंह; छत्तीसगढ़ से कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम; हरियाणा से किरण चौधरी और राम चंदर जांगड़ा; हिमाचल प्रदेश से इंदु बाला गोस्वामी; तेलंगाना से डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और केआर सुरेश रेड्डी रिटायर होंगे।
चुनाव प्रक्रिया के प्रमुख चरणों के अनुसार 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी, नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च और नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 मार्च है। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। पूरे चुनावी अभियान को 20 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
चुनाव आयोग ने विशेष निर्देश दिए हैं कि मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए पूर्व-निर्धारित एकीकृत बैंगनी स्केच पेन का ही उपयोग किया जाएगा। किसी अन्य पेन का इस्तेमाल प्रतिबंधित होगा। इसके अलावा, फ्री और फेयर चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाएंगे जो मतदान और मतगणना प्रक्रिया पर करीबी नजर रखेंगे।
राज्यसभा चुनावों का यह शेड्यूल राजनीतिक समीकरणों और विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक दल इस चुनाव में अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं और राज्यसभा में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *