:
Breaking News

संघ प्रमुख मोहन भागवत की योगी आदित्यनाथ व दोनों डिप्टी CM से मुलाकात, यूपी की सियासत में तेज हुई हलचल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों से अलग-अलग भेंट की। इसे आधिकारिक तौर पर शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक फेरबदल की चर्चाओं के बीच इस घटनाक्रम ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।
सूत्रों के मुताबिक संघ प्रमुख ने गुरुवार सुबह पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और फिर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से करीब 10-10 मिनट तक अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक स्तर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
इससे पहले बुधवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी के निराला नगर स्थित संघ कार्यालय परिसर में सरसंघचालक से एकांत में मुलाकात की थी। बताया जाता है कि बंद कमरे में दोनों नेताओं के बीच करीब 35 मिनट तक बातचीत चली। संघ प्रमुख दो दिवसीय प्रवास पर लखनऊ आए थे और यह उनके दौरे का अंतिम दिन था।
2027 चुनाव को लेकर बढ़ी चर्चा
राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और 2027 के चुनावी रणनीति निर्माण में भी संघ परिवार की सक्रिय भागीदारी तय मानी जा रही है।
बीते कुछ महीनों में संघ प्रमुख का यूपी दौरा बढ़ा है और लगभग हर बार उनकी मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात होती रही है। ऐसे में बार-बार हो रही इन बैठकों को महज औपचारिक बताने के बावजूद राजनीतिक गलियारों में इसे भविष्य की चुनावी रणनीति और सत्ता-संगठन समन्वय के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *