:
Breaking News

जमीन विवाद में पटना में डबल मर्डर: रिसेप्शन के बीच चली गोलियां, दो सगे भाइयों की मौत से गांव में तनाव

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना से क्राइम रिपोर्ट | राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में दो सगे भाइयों की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जमीन विवाद की पृष्ठभूमि में हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद से ही पुलिस टीम लगातार गांव में कैंप कर रही है, जबकि परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात गांव में एक रिसेप्शन समारोह चल रहा था। इसी दौरान अचानक फायरिंग की घटना हुई, जिसमें दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और सोमवार सुबह मृतकों के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि डबल मर्डर मामले में पुलिस को कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं और कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
परिवार के लोगों का आरोप है कि यह हत्या लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद का परिणाम है। मृतकों के पिता राज किशोर ने बताया कि करीब 6 एकड़ से अधिक जमीन को लेकर चार दशक से मुकदमा चल रहा था और हाल ही में अदालत का फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बाद से विरोधी पक्ष लगातार धमकी दे रहा था। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कई बार पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई गई थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इधर, सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। कुछ संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की लगातार निगरानी जारी है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *