:
Breaking News

गया में STF टीम पर हमला: ग्रामीणों ने तीन जवानों को पीटा, दो सर्विस पिस्टल लूटीं, सर्च ऑपरेशन में बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गया से क्राइम रिपोर्ट | वांटेड अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) टीम पर गया जिले में हुए हमले ने पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी है। रविवार देर रात मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के खिरियावां स्थित भुइं टोली में उग्र ग्रामीणों ने जवानों को घेरकर बुरी तरह पीट दिया और उनकी दो सर्विस पिस्टल छीन लीं। इस घटना में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
जानकारी के मुताबिक एसटीएफ की टीम वांटेड अपराधी मनोज मांझी की तलाश में गुप्त सूचना के आधार पर गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक चर्चित हत्या कांड का आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। टीम सादे लिबास में दबिश देने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों को शक हो गया कि पुलिस शराबबंदी को लेकर छापेमारी करने आई है। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति तब विस्फोटक हो गई जब भीड़ ने जवानों को चारों ओर से घेर लिया। हालात काबू में करने के लिए जवानों ने चेतावनी स्वरूप हथियार निकाले, लेकिन इससे भीड़ और उग्र हो गई। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान एसटीएफ के जवान मणि कांत दुबे, संतोष चौबे और नीरज पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए तथा दो सर्विस पिस्टल भी छीन ली गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जिले में हड़कंप मच गया। एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी किरण कुमार और अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और गांव की घेराबंदी कर दी। देर रात तक चलाए गए सर्च अभियान में सात लोगों को हिरासत में लिया गया तथा कई घरों की तलाशी ली गई। अधिकांश संदिग्ध पुरुष गांव छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली। लूटी गई दोनों सर्विस पिस्टल गांव के पास सड़क किनारे खेत से बरामद कर ली गईं। हालांकि मुख्य हमलावर अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और हथियार लूट जैसे गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
बताया जाता है कि मनोज मांझी नवंबर 2024 में मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुए चर्चित हत्या कांड का मुख्य आरोपी है। पेट्रोल भरवाने के विवाद में पेट्रोल पंप मालिक के भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।
फिलहाल पूरे गांव में तनाव बना हुआ है और स्थिति पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, जबकि इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *