:
Breaking News

चतरा में एयर एम्बुलेंस हादसा: खराब मौसम के बीच क्रैश, मरीज समेत सात लोगों की मौत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

झारखंड के चतरा जिले के दुर्गम इलाके में सोमवार रात एक एयर एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। रांची से दिल्ली जा रहा यह विमान खराब मौसम के बीच रास्ते में लापता हो गया और बाद में उसका मलबा जंगलों में मिला। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक गंभीर मरीज, डॉक्टर, क्रू मेंबर और मरीज के परिजन शामिल थे।
नागर विमानन महानिदेशालय DGCA के अनुसार, दिल्ली की कंपनी रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट ने सोमवार शाम 7:11 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान रांची से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ ही देर बाद पायलट ने कोलकाता एटीसी से संपर्क कर खराब मौसम का हवाला देते हुए तय मार्ग से विचलन की अनुमति मांगी थी।
डीजीसीए के बयान के मुताबिक, शाम 7:34 बजे वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में विमान का रडार और संचार संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद न तो वाराणसी और न ही लखनऊ एटीसी से विमान का कोई संपर्क हो पाया। रडार रिप्ले जांच में पता चला कि आखिरी बार विमान की स्थिति शाम 7:22 बजे दर्ज हुई थी, जिसके बाद वह पूरी तरह गायब हो गया।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम इस हादसे की प्रमुख वजह प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अंतिम कारणों का खुलासा विस्तृत तकनीकी जांच और ब्लैक बॉक्स के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा।
उधर चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने भी पुष्टि की कि विमान आंधी और खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ। राहत और बचाव टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी सात लोगों को मृत पाया। प्रशासन अब मलबे, फ्लाइट रिकॉर्ड और ब्लैक बॉक्स की जांच के जरिए हादसे की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटा है।
इस हादसे ने एक बार फिर खराब मौसम में एयर एम्बुलेंस उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रोटोकॉल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *