:
Breaking News

बिहार में होली के बाद बढ़ेगी गर्मी, मार्च में मई जैसी तपिश का अनुमान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल शांत लेकिन धीरे-धीरे बदलने की ओर है। पछुआ हवाओं के असर से राज्यभर में वातावरण शुष्क बना हुआ है और सुबह-शाम हल्की ठंडक अभी भी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिखेगा, लेकिन फरवरी के अंतिम दिनों से गर्मी की दस्तक तेज होने लगेगी।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 फरवरी के बाद दिन के तापमान में लगातार वृद्धि शुरू हो जाएगी। इसका असर मार्च के पहले सप्ताह से साफ दिखेगा और होली के आसपास तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी की तीव्रता बढ़ने लगेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहने और बारिश की कमी के कारण मार्च में ही मई जैसी तपन का अहसास हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार होली के दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दक्षिणी बिहार के जिलों में गर्मी का असर उत्तरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक महसूस होगा।
हाल के तापमान आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को राज्य का न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी का न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अभी कुछ दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा, लेकिन जैसे-जैसे फरवरी समाप्त होगी, गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इससे दिन में तेज धूप और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जो आने वाले गर्म मौसम की शुरुआती आहट मानी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *