:
Breaking News

होली को लेकर बिहार में हाई अलर्ट: मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की मैराथन समीक्षा, जिलों को दिए सख्त निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यभर की कानून-व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि होली के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती, ड्रोन व सीसीटीवी के जरिए निगरानी तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बनाकर सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि सभी जिलों को पहले ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं और संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
वहीं पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि राज्यभर में पुलिस को अलर्ट मोड में रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान शराबबंदी कानून के उल्लंघन, हुड़दंग, छेड़खानी, सड़क जाम तथा साम्प्रदायिक तनाव फैलाने जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज दराद ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को विशेष रूप से मजबूत किया गया है और अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और अपने-अपने जिलों की तैयारियों की जानकारी दी। कई जिलों ने बताया कि फ्लैग मार्च, चौक-चौराहों पर अतिरिक्त तैनाती, रात्रि गश्ती और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की व्यवस्था पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है।
मुख्य सचिव ने अंत में कहा कि होली सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का पर्व है, इसलिए प्रशासन का लक्ष्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि लोगों में विश्वास का माहौल भी कायम करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राज्य सरकार ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *