:
Breaking News

सदर अस्पताल सासाराम में व्हीलचेयर न मिलने पर मरीज को पत्नी को पीठ पर लादकर ले जाना पड़ा, व्यवस्थाओं पर फिर सवाल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

रोहतास जिले के सदर अस्पताल सासाराम में सोमवार को एक ऐसे दृश्य ने अस्पताल व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए, जो मरीज और परिजनों की मुश्किलों को बयां करता है। धनकाढा गांव निवासी साहेब राम अपनी फ्रैक्चर पीड़ित पत्नी का इलाज कराने आए थे, लेकिन अस्पताल में व्हीलचेयर न मिलने के कारण उन्हें अपनी पत्नी को पीठ पर लादकर ओपीडी से एक्स-रे कक्ष और डॉक्टर के चैंबर तक ले जाना पड़ा। साहेब राम ने बताया कि पहले दिन चिकित्सक अनुपस्थित थे, जिसके कारण घंटों इंतजार के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। दूसरे दिन जब वे पुनः पहुंचे, तो व्हीलचेयर उपलब्ध न होने से उन्हें अपनी पत्नी के साथ यह तकलीफ झेलनी पड़ी।
साहेब राम की पत्नी का पैर पिछले रविवार को फ्रैक्चर हुआ था और वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं। अस्पताल में स्ट्रेचर या व्हीलचेयर के लिए उन्होंने कई बार प्रयास किया, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने ओपीडी में उपकरण न होने का हवाला दिया। मजबूरी में साहेब राम को अपनी पत्नी को पीठ पर उठाकर अस्पताल के विभिन्न विभागों तक ले जाना पड़ा।
यह घटना सदर अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है। इससे पहले भी मरीजों को स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, दवाइयों और चिकित्सकों की समय पर उपलब्धता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। चिकित्सकों के देर से आने, दवाओं की कमी, जांच के लिए मरीजों को बाहर भेजे जाने और अस्पताल में दलालों की उपस्थिति जैसी समस्याएं समय-समय पर चर्चा में रही हैं।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि बुनियादी सुविधाओं और कर्मचारियों की उपलब्धता में सुधार किया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को ऐसी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *