:
Breaking News

समस्तीपुर मंडल में अधिकारियों ने लिया सेवा संकल्प, ‘सेवा तीर्थ’ के आदर्शों को किया अपने जीवन में आत्मसात

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर: समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों ने सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभागार में सेवा संकल्प लिया। यह संकल्प माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए ऐतिहासिक सेवा संकल्प की भावना से प्रेरित होकर आयोजित किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों ने संकल्प का विधिवत पाठ एक स्वर में दोहराते हुए राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत में वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक कुमार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के सेवा संकल्प का पाठ किया। संकल्प में ‘सेवा तीर्थ’ को नये भारत के निर्माण का प्रतीक बताते हुए कहा गया कि यह भवन भविष्य के स्वागत का प्रतीक होने के साथ-साथ निर्माण में शामिल श्रमिकों के परिश्रम और समर्पण का पावन योगदान दर्शाता है। संकल्प में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय दशकों तक साउथ ब्लॉक में संचालित होता रहा, जहाँ से भारत के स्वदेशी और आधुनिक विचारों का मार्गदर्शन हुआ। ‘सेवा तीर्थ’ उसी संकल्पना का मूर्त रूप है, जो लोकतंत्र की जननी भारत के गौरव को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक स्थल के महत्व को भी याद किया गया। बताया गया कि यह परिसर ब्रिटिश काल के अस्थायी बैरकों के स्थान पर विकसित हुआ है। आज यह स्थल न केवल आधुनिक प्रशासनिक कार्यों का केंद्र है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और नव निर्माण के संकल्प का प्रतीक भी है। संकल्प में दोहराया गया कि ‘सेवा तीर्थ’ में किए जाने वाले प्रत्येक निर्णय 140 करोड़ देशवासियों की भलाई और राष्ट्र निर्माण के व्यापक उद्देश्यों से प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा ने ‘सेवा भावना और प्रशासनिक उत्तरदायित्व’ पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य जनसेवा है और प्रत्येक निर्णय में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए। अधिकारियों से उन्होंने अपेक्षा जताई कि वे अपने कर्तव्यों का पालन सेवा, समर्पण और नैतिक मूल्यों के सर्वोच्च मानदंडों के साथ करें।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक कुमार, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा, वरीय मंडल इंजीनियर श्री संजय कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा और सुशासन के प्रति अटूट निष्ठा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों ने प्रतिज्ञा ली कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, सेवा भाव और राष्ट्रहित के सर्वोच्च सिद्धांतों के साथ करेंगे, ताकि समस्तीपुर मंडल में जनोन्मुख, उत्तरदायी और उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *