:
Breaking News

पटना: वैशाली की 6 वर्षीय बच्ची का हाथ मशीन में कटने के बाद एम्स में सफल माइक्रोवास्कुलर सर्जरी, रक्त संचार सामान्य, जल्द रिकवरी की उम्मीद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: वैशाली जिले की 6 वर्षीय बच्ची लक्ष्मी कुमारी का रविवार दोपहर चारा काटने की मशीन में दाहिना हाथ कट गया, जिसके बाद उसके परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन बच्ची को तत्काल इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में ले गए, लेकिन सही सुविधा न मिलने पर शाम 7:30 बजे लक्ष्मी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया। वहां पहुंचते ही प्लास्टिक सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने स्थिति का त्वरित आकलन किया और आधे घंटे के भीतर उसे आपरेशन थिएटर में ले जाया गया। रात 8 बजे शुरू हुई जटिल माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी लगभग छह घंटे चली। एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा सिंह के मार्गदर्शन में यह सर्जरी पूरी हुई, जिसमें डॉ. अंसारुल, डॉ. कुलदीप, डॉ. मैरी, डॉ. अजीना, डॉ. निकिता और डॉ. अनुप की टीम शामिल थी। एनेस्थीसिया, नर्सिंग और आपरेशन थिएटर की टीम ने भी पूरी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई। एम्स के निदेशक ने सफल ऑपरेशन पर पूरी टीम की सराहना की। सोमवार को चिकित्सकों ने बताया कि लक्ष्मी की अंगुलियों में रक्त संचार सामान्य संकेत दे रहा है और उचित देखभाल व पुनर्वास के साथ बच्ची एक-दो महीनों में हाथ की कार्यक्षमता में महत्वपूर्ण सुधार पा सकती है। चिकित्सकों के अनुसार यदि स्थिति अनुकूल रही तो लक्ष्मी को एक सप्ताह के भीतर अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा सिंह ने ऐसे मामलों में कटे अंग को सुरक्षित रखने की सावधानियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कटे हुए अंग को साफ प्लास्टिक बैग में रखकर उसे बर्फ वाले दूसरे बैग में रखना चाहिए, लेकिन सीधे बर्फ या किसी तरल पदार्थ में अंग नहीं डालना चाहिए, ताकि अंग को जोड़ने की संभावना बनी रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *