:
Breaking News

पटना में होला-मोहल्ला: सिख समुदाय ने वीरता और उत्साह के संग मनाया पर्व

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। सिख समुदाय ने बुधवार को उमंग और उत्साह के साथ होला-मोहल्ला पर्व मनाया। तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब से पंच-प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर-कीर्तन निकाला गया, जिसमें देश-विदेश से आए सिख जत्थों ने भाग लिया। नगर-कीर्तन के दौरान बैंड-बाजे की धुन, तलवार, भाला और ढाल के साथ संगत ने गुरु गोविंद सिंह की वीरता और शौर्य का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर दरबार साहिब में जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने अरदास कराई और शस्त्र दर्शन कराए। इसके बाद तख्त परिसर में परिक्रमा के दौरान फूलों की वर्षा की गई। नगर-कीर्तन झाऊगंज गली मार्ग, अशोक राजपथ और चौक होते हुए मंगल तालाब तक पहुंचा और अंततः बाललीला गुरुद्वारा में समाप्त हुआ। यहां कथावाचक ने होला-मोहल्ला पर्व की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
सिखों के अनुसार वर्ष 1701 में दशमेश गुरु गोविंद सिंह ने आनंदपुर साहेब में आदेश दिया कि अब से सिख होली नहीं बल्कि होला मनाएंगे। गुरु ने इसे रंग-अबीर की जगह वीर सैनिकों का पर्व बनाने का संदेश दिया।
नगर-कीर्तन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बाललीला गुरुद्वारा में विशेष लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें संगत पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण करती नजर आई। पर्व ने सिख समुदाय में न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह बढ़ाया, बल्कि वीरता, अनुशासन और परंपरा की याद भी ताजा कर दी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *