:
Breaking News

निशांत कुमार की जदयू में एंट्री के बीच पार्टी कार्यालय में हंगामा, कार्यकर्ताओं के दो गुटों में भिड़ंत से मचा अफरातफरी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के बीच राजधानी पटना स्थित जदयू कार्यालय रविवार को उस समय अचानक विवाद और हंगामे का केंद्र बन गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की पार्टी में औपचारिक एंट्री के दौरान कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। निशांत कुमार के स्वागत और सदस्यता कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण था, लेकिन देखते ही देखते कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई।
दरअसल जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के समर्थकों और उनके विरोध में खड़े कुछ कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बहस ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाने लगे। कुछ ही देर में स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कार्यकर्ता मारपीट पर उतर आए और पार्टी कार्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि ललन सिंह का विरोध कर रहे कुछ कार्यकर्ता काफी उत्तेजित हो गए थे और उन्होंने अपना आपा खो दिया। इससे उनके समर्थक भी आक्रोशित हो उठे और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। घटना के दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया और माहौल को शांत कराया गया।
सूत्रों के अनुसार हंगामे के दौरान विधायक नचिकेता मंडल के साथ भी मारपीट की कोशिश की गई। इस घटना के बाद उनके समर्थक भी नाराज हो गए और कुछ देर के लिए माहौल और अधिक गरमा गया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह पूरा घटनाक्रम जदयू कार्यालय के कैंपस में उस समय हुआ जब कार्यक्रम के बाद ललन सिंह वहां से निकल रहे थे। उसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया, जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
राजनीतिक हलकों में इस घटना को जदयू के भीतर चल रही अंदरूनी असहजता से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर भी पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर की थी। इसी पृष्ठभूमि में सदस्यता कार्यक्रम के दौरान हुआ यह हंगामा चर्चा का विषय बन गया है।
बताया जाता है कि इससे पहले भी पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने भोजन के लिए लगाए गए प्लेटों को फेंककर तोड़ दिया था। कुछ कार्यकर्ताओं का मानना है कि राजनीतिक रणनीति के तहत नीतीश कुमार को दिल्ली भेजने की तैयारी की जा रही है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने मामले को जल्द शांत कराने की कोशिश की और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री के साथ ही पार्टी के भीतर नई राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है, जिसका असर आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *