:
Breaking News

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का धमाका, 255 रन का विशाल स्कोर; सैमसन-अभिषेक की तूफानी शुरुआत, न्यूजीलैंड दबाव में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अहमदाबाद। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी का ऐसा तूफान खड़ा किया जिसने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को रोमांच से भर दिया। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए कीवी गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बना दिया। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।
भारतीय पारी की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने की और दोनों ने पहले ही ओवर से आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। शुरुआती दो ओवर में थोड़ी संयमित बल्लेबाजी के बाद दोनों ने कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। चौथे और पांचवें ओवर में रन की बारिश होने लगी और देखते ही देखते भारत ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 92 रन बना दिए।
अभिषेक शर्मा ने इस बड़े मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर 43 गेंदों में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने विकेटकीपर टिम साइफर्ट के हाथों कैच कराया, लेकिन तब तक भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी।
अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज जारी रखा। ईशान किशन के साथ उनकी साझेदारी भी शानदार रही। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 105 रन जोड़कर न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। सैमसन ने 46 गेंदों में पांच चौके और आठ छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली और शतक से महज 11 रन से चूक गए।
ईशान किशन ने भी तेजतर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। उस समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 270 या 300 रन के करीब पहुंच सकती है। हालांकि 16वां ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट बन गया, जब जेम्स नीशम ने लगातार तीन बड़े विकेट लेकर भारतीय पारी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। इसी ओवर में सैमसन, ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव आउट हो गए। सूर्यकुमार खाता भी नहीं खोल सके।
मध्य ओवरों में लगे इस झटके के बावजूद भारत ने अंत में तेज रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया, जबकि आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आठ गेंदों में 26 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत 250 रन के पार पहुंच गया और 255 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा कर सका। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए, जबकि मैट हेनरी और रचिन रवींद्र को एक-एक सफलता मिली।
255/5 का यह स्कोर टी20 विश्व कप फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर बन गया है। इससे पहले 2024 के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 176 रन बनाए थे। आधुनिक टी20 क्रिकेट में लगातार बढ़ती आक्रामक बल्लेबाजी का यह एक और उदाहरण माना जा रहा है।
इतना ही नहीं, भारत इस टूर्नामेंट में 250 से अधिक रन का स्कोर कई बार बना चुका है, जिससे टीम की बल्लेबाजी ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है। आंकड़ों के अनुसार पुरुष टी20 क्रिकेट में भारत सात बार 250 से अधिक का स्कोर बना चुका है, जो किसी भी टीम से अधिक है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने जल्दी-जल्दी विकेट लेकर कीवी टीम को दबाव में डाल दिया। अक्षर पटेल ने फिन एलेन और ग्लेन फिलिप्स को आउट किया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र को पवेलियन भेज दिया।
हालांकि टिम साइफर्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली और न्यूजीलैंड को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें आउट कर भारतीय टीम को बड़ी सफलता दिलाई। शुरुआती नौ ओवर में ही न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और टीम दबाव में नजर आने लगी थी।
इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों की विस्फोटक शुरुआत और गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी ने टीम इंडिया को खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाने का मौका दे दिया है। अब देखना होगा कि न्यूजीलैंड की टीम इस विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वापसी कर पाती है या भारतीय टीम एक और ऐतिहासिक जीत दर्ज करती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *