:
Breaking News

समस्तीपुर नगर निगम का 2026–27 का बजट सर्वसम्मति से पारित, शहर के विकास और गरीबों की बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा खास फोकस

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर, 13 मार्च।समस्तीपुर नगर निगम के आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तावित बजट को नगर निगम की सामान्य बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता माननीय महापौर श्रीमती अनिता राम ने की। बैठक में उप महापौर श्री रामबालक पासवान, नगर आयुक्त श्री ज्ञान प्रकाश, उप नगर आयुक्त, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, सभी वार्ड पार्षद तथा नगर निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बजट प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। सदन के सदस्यों ने बजट को शहर के समग्र विकास के अनुरूप बताते हुए इसकी सराहना की और अंततः इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही सशक्त स्थायी समिति की कार्यवाही को अनुमोदित किया गया तथा पिछली सामान्य बोर्ड बैठक की कार्यवाही की भी पुष्टि की गई।
नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रस्तुत बजट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026–27 में नगर निगम की अनुमानित कुल प्राप्ति 360 करोड़ 25 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जबकि अनुमानित कुल व्यय 274 करोड़ 70 लाख रुपये रखा गया है। इस प्रकार अनुमानित रूप से लगभग 85 करोड़ 54 लाख रुपये की अधिशेष राशि रहने की संभावना जताई गई है, जिसे भविष्य की विकास योजनाओं में उपयोग किया जा सकेगा।
नगर निगम की आय के प्रमुख स्रोतों में नगर क्षेत्र से प्राप्त संपत्ति कर, मोबाइल टावर कर तथा ट्रेड लाइसेंस शुल्क शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नगर विकास एवं आवास विभाग से विभिन्न मदों में प्राप्त होने वाला सरकारी आवंटन भी नगर निगम की आय का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
व्यय के मदों में शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की गई हैं। ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कचरे से खाद निर्माण हेतु कम्पोस्ट पिट का निर्माण, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करना, लैंडफिल साइट का विकास तथा डस्टबीन की खरीद जैसी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।
शहर को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रणाली के निर्माण की भी योजना बजट में शामिल की गई है। इसके अलावा सामाजिक और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए योगशाला केंद्र का निर्माण, शवदाह गृह सहित मोक्षधाम का विकास, वृद्धजनों के लिए आश्रय स्थल तथा भूमिहीन शहरी गरीबों के लिए बहुमंजिला आवासीय भवनों के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।
नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बस स्टैंड का विकास, वेंडर जोन का निर्माण, सामुदायिक शौचालय और मूत्रालय की व्यवस्था, पुस्तकालय की स्थापना, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की स्थापना तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी बजट में शामिल की गई है।
नगर निगम के इस बजट में शहरी गरीबों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है। कुल बजट का लगभग 28.66 प्रतिशत यानी करीब 103 करोड़ 25 लाख रुपये शहरी गरीबों को बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसमें आवास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि यह बजट शहर के समग्र विकास को गति देने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नगर प्रतिनिधियों ने भी उम्मीद जताई कि बजट में शामिल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से समस्तीपुर शहर में आधारभूत ढांचे और जन सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *