:
Breaking News

पटना में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, जेपी गंगा पथ के पहुंच मार्गों को बेहतर बनाने का निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।
बिहार में सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को पटना में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री Harsh Malhotra ने की। इस दौरान बिहार में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संबंधित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव Pankaj Kumar Pal सहित राष्ट्रीय राजमार्ग और एनएचएआई के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
समीक्षा के दौरान पटना में जेपी गंगा पथ की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने पर विशेष चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिया कि जेपी गंगा पथ के दोनों पहुंच मार्गों को ट्रांसपोर्ट प्लानर की सहायता से विकसित किया जाए, ताकि निर्माणाधीन पुल को अटल पथ, पाटलिपथ, जेपी गंगा पथ तथा दीघा-शेरपुर गंगा पथ से सुचारु रूप से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट प्लानर के सुझावों के आधार पर प्रमुख जंक्शनों का विकास किया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, ट्रैफिक जाम की समस्या कम हो और पटना से उत्तर बिहार के बीच आवागमन अधिक आसान और तेज हो सके।
बैठक में राज्य और केंद्र सरकार की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति, भूमि अधिग्रहण की स्थिति, निर्माण कार्यों की समय-सीमा और यातायात प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव Pankaj Kumar Pal ने प्रस्तुति के माध्यम से बिहार की प्रमुख सड़क परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कनेक्टिविटी और क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों की जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में आमस-दरभंगा, गलगलिया-बहादुरगंज, मुंगेर-मिर्जा चौकी, रजौली-बख्तियारपुर, पटना रिंग रोड, पटना-गया-डोभी तथा ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पटना रिंग रोड के उत्तरी हिस्से के मार्गरेखन पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि सोनपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर कैबिनेट से स्वीकृति मिल चुकी है। राज्य सरकार ने पटना रिंग रोड के उत्तरी हिस्से में दिघवारा से सराय तक मार्गरेखा को भी मंजूरी दे दी है। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
इसके अलावा प्रस्तावित सोनपुर एयरपोर्ट से जुड़ी सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एसएच-74 से पटना-बेतिया मार्ग तक सर्विस रोड निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। अधिकारियों का मानना है कि इससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और एयरपोर्ट के आसपास विकास गतिविधियों को गति मिलेगी।
वैशाली जिले में अक्सर लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए रामाशीष चौक पर मल्टीलेवल जंक्शन बनाने के प्रस्ताव पर भी बैठक में चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री Harsh Malhotra ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुजफ्फरपुर, पटना और छपरा जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को जल्द स्वीकृति दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित बाईपास के मधौल और कांटी क्षेत्र में यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए जंक्शन विकसित करने के लिए भी जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए समन्वय के साथ काम किया जाए, ताकि बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा सके और लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *