:
Breaking News

खेत में मिला युवक का शव, मुजफ्फरपुर के पताही मोहम्मदपुर गांव में सनसनी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही मोहम्मदपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान पताही मोहम्मदपुर निवासी पुतुल उर्फ शशिभूषण कुमार (32) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार पुतुल शुक्रवार रात घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत में उसका शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव के गले पर निशान दिखाई देने की बात परिजनों ने बताई है, जिसके आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के परिवार का कहना है कि हाल के दिनों में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि पुतुल पर करीब दो लाख रुपये का कर्ज था और इसी सिलसिले में उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजनों को शक है कि पैसों के विवाद के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए।
सदर थानाध्यक्ष अश्मित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया है और उसकी पहचान भी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इधर टाउन-2 की एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव पर किसी स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में अभी इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला कहना जल्दबाजी होगी। हालांकि परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिजनों की ओर से किसी पर आरोप लगाते हुए आवेदन दिया जाता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक का नाम शराब के कारोबार से भी जोड़ा जा रहा है। इसी वजह से पुलिस इस घटना को पैसों के लेन-देन, आपसी विवाद या कारोबारी प्रतिस्पर्धा से जुड़े कोण से भी जांच रही है।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *