:
Breaking News

सीतामढ़ी में आठवीं के छात्र की हत्या, सड़क किनारे मिला शव; इलाके में सनसनी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

सीतामढ़ी। जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र की हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। डुमरी कला गांव के रहने वाले आठवीं कक्षा के छात्र साहिल कुमार का शव शनिवार सुबह सड़क किनारे मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान अशोक सिंह के पुत्र साहिल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सुप्पी टेगराहा मोड़ के पास जब कुछ लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव देखा तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि साहिल शुक्रवार से ही लापता था। घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह जगीरहा मोड़ के पास सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
घटना की सूचना मिलते ही मेजरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच भी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि पुलिस को फोन के माध्यम से सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि छात्र के सिर पर किसी भारी डंडे, संभवतः शीशम के डंडे से वार किया गया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी सूचना दे दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाएगी।
इधर मृतक के परिजनों ने इस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि पहले भी कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था और उसी के कारण साहिल को निशाना बनाया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस तरह के किसी विवाद की आधिकारिक जानकारी पहले थाना में दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हत्या के पीछे की असल वजह सामने आ पाएगी। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *