:
Breaking News

नालंदा में बड़ी कार्रवाई: मिनी ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नालंदा। जिले के तेलमर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जो पहले से हत्या के एक मामले में फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च की देर शाम तेलमर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक उजले रंग के टाटा 407 मिनी ट्रक में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लादकर नूरसराय की ओर से तेलमर की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद सालेपुर–करौटा मार्ग पर वनगच्छा के पास पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर चालक और उपचालक से पूछताछ की गई। दोनों व्यक्ति ट्रक में लदे सामान के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सके, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें धान की खखरी के बोरे के नीचे छिपाकर रखे गए शराब के कार्टन बरामद हुए। जांच में कुल 150 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई, जिसमें 3598 बोतलें शामिल थीं।
मामले में पुलिस ने ट्रक में सवार दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के बैंगाबाद थाना क्षेत्र के बेलडी गांव निवासी दिलीप कुमार पासवान और गिरिडीह थाना क्षेत्र के पचमवा बोरा गांव निवासी विकास सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह से जुड़े हैं। साथ ही इनके खिलाफ ओडिशा के राउरकेला स्थित झिरपानी थाना में हत्या का मामला दर्ज है और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।
डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिससे शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस अभियान में तेलमर थाना के थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में दारोगा अमर सिंह, धीरज कुमार, सिपाही मधुवन कुमार, मोहित कुमार तथा महिला सिपाही अर्धनागनी कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि आगे भी अवैध शराब के खिलाफ ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *