:
Breaking News

समस्तीपुर में सर काटकर की गई हत्या का 72 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी सहित 5 अपराधी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में सर काटकर की गई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मुसरी वार्ड संख्या–17 में हुई इस जघन्य वारदात में शामिल मुख्य आरोपी समेत कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तलवार, मृतक का कटा हुआ सिर, साइकिल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार यह घटना 13 मार्च 2026 को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मुसरी वार्ड संख्या–17 स्थित उदय पासवान के खेत में सामने आई थी, जहां एक युवक का धड़ बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मुसरी वार्ड संख्या–18 निवासी सुधांशु कुमार उर्फ शर्मा (32 वर्ष), पिता – रामदेव प्रसाद के रूप में की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी सोनी कुमारी के लिखित आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या–126/26, दिनांक 13.03.2026 के तहत धारा 103(1) एवं 238(6) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर सदर–1 के अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकेश कुमार उर्फ मंटोला, पिता – अजबलाल पासवान उर्फ अर्जुन पासवान, निवासी मुसरी वार्ड–08, थाना मुफ्फसिल, जिला समस्तीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि 10 मार्च 2026 की रात उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सुधांशु कुमार की हत्या कर दी थी। आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद शव का सिर काटकर अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया गया ताकि पहचान न हो सके। धड़ को खेत में फेंक दिया गया, जबकि सिर को जमीन में गाड़ दिया गया था।
पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर उदय पासवान के बगीचे के पास जमीन के अंदर गाड़कर रखा गया मृतक का कटा हुआ सिर बरामद कर लिया। इसके साथ ही मृतक की साइकिल, हत्या में प्रयुक्त तलवार, मृतक का मोबाइल फोन और आरोपी का मोबाइल भी बरामद किया गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक और आरोपी के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पहले मृतक के साथ उसकी मारपीट हुई थी, जिसकी रंजिश वह मन में रखे हुए था। इसी बदले की भावना से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विकेश कुमार उर्फ मंटोला के अलावा अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार उर्फ राजन, पिता – किशोरी पासवान, अर्जुन पासवान, पिता – भेमल पासवान, दीपक पासवान, पिता – बिनोद पासवान तथा विनोद कुमार, पिता – लीला पासवान शामिल हैं। सभी आरोपी मुसरी वार्ड–08, थाना मुफ्फसिल, जिला समस्तीपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 और 2025 में भी उसके खिलाफ मुफ्फसिल थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस द्वारा बरामद सामानों में जमीन के अंदर से निकाला गया मृतक का सिर, मृतक की साइकिल, हत्या में प्रयुक्त तलवार, मृतक का मोबाइल फोन, आरोपी का मोबाइल तथा घटनास्थल से बरामद खून के नमूने शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर ली गई है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।
समस्तीपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है, बल्कि अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय तकनीकी जांच, एफएसएल टीम की मदद और स्थानीय ग्रामीणों से मिली गोपनीय सूचनाओं को दिया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *