:
Breaking News

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, दरभंगा में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 17 मार्च। आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में मंगलवार से तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की, जबकि उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—से जुड़े जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों तथा कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कार्यक्रम 17 से 19 मार्च तक दो अलग-अलग स्थलों पर दो बैचों में आयोजित हो रहा है, जिसमें प्रशासनिक तंत्र के विभिन्न स्तरों के अधिकारी भाग ले रहे हैं।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारत की यह आठवीं जनगणना है, जो सामान्यतः हर दस वर्ष पर आयोजित होती है, लेकिन कोविड-19 के कारण इस बार इसका अंतराल बढ़ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी—पहले चरण में मई 2026 के दौरान मकान सूचीकरण और दूसरे चरण में फरवरी 2027 में वास्तविक जनसंख्या गणना की जाएगी।
जिले में जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुल 29 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्र शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियों, डेटा संकलन की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जो इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। मोबाइल एप्लीकेशन और CMMS पोर्टल के माध्यम से आंकड़े संकलित किए जाएंगे। साथ ही, पहली बार आम नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी दी गई है, जिससे लोग निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनरों की टीम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ कार्य सुनिश्चित करें।
इस दौरान एम. रामचंद्रुडु, निदेशक जनगणना कार्य सह मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी, ने भी प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला स्तर पर प्रभावी प्रशिक्षण ही फील्ड स्तर पर बेहतर कार्य निष्पादन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को जारी दिशा-निर्देशों और सर्कुलरों का गहन अध्ययन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (राजस्व), जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *