:
Breaking News

दरभंगा में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, होम डिलीवरी सेवा शुरू—अफवाहों से बचने की अपील

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 17 मार्च। जिले में रसोई गैस को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। इसी को लेकर प्रेस क्लब दरभंगा में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि मंगलवार से जिले की दो गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है, जबकि बुधवार से सभी एजेंसियां इस व्यवस्था को पूर्ण रूप से लागू कर देंगी। इसके बाद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक पहुंचाया जाएगा, जिससे लाइन में लगने या अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दरभंगा में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध हैं और नियमित आपूर्ति जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण का चक्र लगभग 45 दिनों का रखा गया है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिन है। बुकिंग के बाद एक से दो दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के जरिए सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन द्वारा शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है। यहां प्राप्त शिकायतों को संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से तत्काल समाधान कराया जा रहा है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा न हो।
प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि जमाखोरी या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नियमित छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा।
आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 17 मार्च को जिले में 8 हजार से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि एजेंसियों के गोदामों में बड़ी संख्या में सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं, 18 मार्च को भी हजारों सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण की योजना है, जिससे मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि हर उपभोक्ता को समय पर रसोई गैस मिल सके। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक सत्येंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *