:
Breaking News

दरभंगा में अग्नि सुरक्षा अभियान की शुरुआत, डीएम ने जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 17 मार्च। जिले में बढ़ती अगलगी की घटनाओं की रोकथाम और लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अग्नि सुरक्षा जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न इलाकों में प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि आग लगने की घटनाओं से बचने के लिए पहले से जानकारी और तैयारी बेहद जरूरी है। यदि लोग सतर्क और प्रशिक्षित रहेंगे तो ऐसी घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन विभाग और अग्निशमन विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 17 मार्च से 26 मार्च तक चलेगा, जिसके दौरान जिले के सभी अंचलों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत एलईडी वैन के माध्यम से आग से बचाव से जुड़े वीडियो और संदेश लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। प्रत्येक रथ के साथ “आपदा मित्र” तैनात किए गए हैं, जो लोगों के बीच सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री का वितरण करेंगे और उन्हें अग्नि सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाएंगे। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की टीम भी इन रथों के साथ रहेगी, जो विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल कर लोगों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी।
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर में भी अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें घरेलू या अन्य स्थानों पर आग लगने की स्थिति में किस प्रकार से त्वरित और सुरक्षित कदम उठाए जाएं, इसकी जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही तरीके से प्रतिक्रिया दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अग्नि दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक (जनसंपर्क) सत्येंद्र प्रसाद, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *