:
Breaking News

समस्तीपुर में एलपीजी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित, अफवाहों से बचने की अपील

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर। जिले में रसोई गैस (एलपीजी) को लेकर उत्पन्न हो रही समस्याओं और आमजनों को हो रही असुविधा के मद्देनजर प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना के निर्देश पर समस्तीपुर जिला प्रशासन द्वारा एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना की गई है, जिससे लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा सके।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगा। इस दौरान जिले के उपभोक्ता अपनी गैस से जुड़ी किसी भी समस्या या कठिनाई को दूरभाष संख्या 06274-222300 पर दर्ज करा सकते हैं। संबंधित शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समस्तीपुर में घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आमजनों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें।
प्रशासन ने यह भी बताया कि गैस बुकिंग कराने के बाद दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी पहले की तरह सुनिश्चित की जा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों या गोदामों के बाहर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए बुकिंग से संबंधित नियमों का पालन करना अनिवार्य किया गया है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में अंतिम डिलीवरी के 25 दिनों बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद ही नए गैस सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति होगी।
प्रशासन ने दोहराया कि गैस आपूर्ति को लेकर पूरी निगरानी रखी जा रही है, ताकि हर उपभोक्ता को समय पर रसोई गैस उपलब्ध हो सके और किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *