:
Breaking News

बिहार में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, ईओयू की छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति के सुराग

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकसेवक मनोज कुमार रजक के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। जांच एजेंसी को प्रारंभिक पड़ताल में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर संकेत मिले हैं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें दरभंगा, मधुबनी के जयनगर तथा सुपौल जिले के निर्मली-करजाईन क्षेत्र में स्थित आवासीय, कार्यालय और व्यावसायिक परिसरों को शामिल किया गया। छापेमारी के दौरान 30 से अधिक जमीन से जुड़े दस्तावेज (लैंड डीड) बरामद किए गए हैं, जिससे बड़े पैमाने पर निवेश का खुलासा हुआ है।
जांच में यह बात सामने आई है कि मनोज कुमार रजक ने सुपौल में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कई कीमती जमीनें खरीदी हैं। इसके अलावा अररिया, दरभंगा और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में भी व्यावसायिक संपत्तियों में निवेश के प्रमाण मिले हैं। इतना ही नहीं, दार्जिलिंग में चाय बागान खरीदने और नेपाल के हरिहर नगर क्षेत्र में मकान निर्माण कराने की भी जानकारी जांच एजेंसी को मिली है।
सूत्रों के मुताबिक, अररिया में गैस एजेंसी संचालन और दरभंगा में एक आलीशान मकान का भी संबंध आरोपी से जुड़ा बताया जा रहा है। इसके साथ ही कई बैंक खातों, एलआईसी पॉलिसी और बिल्डरों के माध्यम से निवेश के संकेत भी मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। एजेंसी अब संबंधित बिल्डरों को नोटिस जारी कर पूछताछ की तैयारी में है।
जांच के दौरान यह भी संकेत मिले हैं कि अवैध कमाई को सट्टेबाजी जैसे माध्यमों में भी लगाया गया। प्रारंभिक आकलन में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी वैध आय की तुलना में काफी अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो जांच के दायरे में है।
फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *