:
Breaking News

“जल है तो कल है” : बूढ़ी गंडक किनारे जागरूकता की मिसाल, जल संरक्षण का दिया गया मजबूत संदेश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर।
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा और जल महोत्सव के तहत जिले में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रसाद घाट, बूढ़ी गंडक नदी पर जिला गंगा समिति द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का सामूहिक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, वरीय उप समाहर्ता अंजली कुमारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी नीरजेश कुमार, नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार एवं स्नेहलता द्वारा संयुक्त रूप से जल अर्पण कर किया गया। अतिथियों का स्वागत शॉल, फूलमाला, चादर और पौधा भेंट कर सम्मानपूर्वक किया गया।
इस अवसर पर घाट की व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें नगर निगम कर्मियों, लोहिया स्वच्छता अभियान से जुड़े कर्मियों और बड़ी संख्या में एनएसएस व एनसीसी के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर बूढ़ी गंडक नदी के किनारे स्वच्छता का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “जल है तो कल है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अभी से जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास नहीं किए गए, तो भविष्य में “जीरो डे” जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जब पानी की भारी कमी हो जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदियों और जलाशयों में कचरा, विशेषकर प्लास्टिक और पॉलीथिन, बिल्कुल न फेंके।
वरीय उप समाहर्ता अंजली कुमारी ने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर जल संरक्षण के इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। वहीं जिला गंगा समिति के पदाधिकारी ने बताया कि गंगा और उसकी सहायक नदियों को बचाने के लिए लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण और नदी संरक्षण के लिए संकल्प लिया। इसके साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
अंत में सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता और जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां हर किसी ने यह संकल्प लिया कि वे जल बचाने और नदियों को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *