:
Breaking News

लखीसराय में महिला आयोग सदस्य ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण, कार्यों पर जताई संतुष्टि

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय में बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा ने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। कार्यों की समीक्षा कर संतोष जताया और महिला सशक्तिकरण को लेकर निर्देश दिए।

लखीसराय/आलम की खबर:बिहार राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती पिंकी कुशवाहा ने गुरुवार को लखीसराय स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में संचालित विभिन्न सेवाओं, दर्ज मामलों और उनके निष्पादन की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के क्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति बंदना पांडेय ने माननीय सदस्य का अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर स्वागत किया। वहीं महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने भी नवपौधा देकर उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर में दर्ज मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। इनमें घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, द्वितीय विवाह, यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी सहित अन्य मामलों की प्रगति और निष्पादन प्रक्रिया को देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश मामलों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जा रहा है।

माननीय सदस्य ने सेंटर की कार्यप्रणाली, केस प्रबंधन और पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सहायता सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों से बातचीत कर उनकी कार्यशैली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब कार्यालय) के कार्यों की भी समीक्षा की, जिसमें आगंतुकों की सुविधा, सखी वार्ता कार्यक्रम और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चल रहे जागरूकता कार्यों की जानकारी ली गई।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त जिला बनाने और महिलाओं के अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने सखी वार्ता जैसे कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की और उनके क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की।

इस मौके पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, हब कार्यालय के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, केस वर्कर निभा व सरिता, परामर्शी नूतन कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार सहित सभी कर्मी मौजूद रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *