:
Breaking News

“कानून को ताक पर रखकर निकले तेज प्रताप, पुलिस की बत्ती लगी गाड़ी पर केस दर्ज”

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: विशेष संवादाता

बिहार की सियासत में एक बार फिर तेज प्रताप यादव सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह राजनीतिक बयानबाज़ी नहीं, बल्कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।वैशाली ज़िले के महुआ विधानसभा क्षेत्र से नामांकन के दौरान जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पर आचार संहिता तोड़ने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि नामांकन के दिन तेज प्रताप के काफ़िले में एक SUV गाड़ी पर पुलिस का लोगो और नीली-लाल बत्ती लगी हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

 क्या था पूरा मामला

16 अक्टूबर को तेज प्रताप यादव समर्थकों के भारी जुलूस के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। उसी दौरान उनके काफ़िले में चल रही एक गाड़ी पर पुलिस का लोगो और बत्ती लगी दिखी। वायरल वीडियो ने प्रशासन का ध्यान खींचा, जिसके बाद महुआ के क्षेत्र अधिकारी (सीओ) ने इस पर जांच कर रिपोर्ट सौंपी। जांच में पुष्टि हुई कि गाड़ी पूरी तरह निजी स्वामित्व की थी, न कि सरकारी।

 गाड़ी मालिक और ड्राइवर पर केस दर्ज

डीएसपी राज कुमार शाह के मुताबिक, उक्त वाहन भोजपुर जिले के सिद्धनाथ सिंह के बेटे प्रमोद कुमार यादव की निजी गाड़ी निकली। चुनावी प्रचार में इस तरह की गाड़ियों का इस्तेमाल चुनाव आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मालिक और ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गाड़ी जब्त कर ली है।

विपक्ष के निशाने पर तेज प्रताप

घटना के बाद विपक्ष ने तेज प्रताप पर हमला बोलते हुए कहा कि “जो कानून बनाने की बात करते हैं, वही कानून तोड़ते हैं।” वहीं तेज प्रताप यादव की ओर से अब तक इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

 सियासी तापमान बढ़ा

बिहार में चुनावी माहौल पहले से गरम है और अब यह मामला राजनीतिक हमलों का नया मुद्दा बन गया है। तेज प्रताप जहां खुद को जनता का सच्चा प्रतिनिधि बताते हैं, वहीं प्रशासनिक कार्रवाई ने उनके “जनशक्ति” अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *