:
Breaking News

मैदान से लोकतंत्र तक: वैभव सूर्यवंशी बने बिहार चुनाव के ‘फ्यूचर वोटर आइकॉन’, बोले इस बार मैदान आपका है, वोट जरूर कीजिए”

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोहम्मद आलम 

क्रिकेट के पिच पर चौके-छक्के जड़ने वाले 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब लोकतंत्र के मैदान में भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। बिहार के इस नन्हे क्रिकेट सितारे को चुनाव आयोग ने “फ्यूचर वोटर आइकॉन” के रूप में नियुक्त किया है — ताकि वे युवाओं और नए मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर सकें।

आईपीएल से लेकर रणजी तक की सफलता

वैभव सूर्यवंशी का नाम देशभर में तब चमका जब उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2025 में आईपीएल डेब्यू करते हुए सिर्फ 14 साल की उम्र में इतिहास रच दिया। उस मैच में वैभव ने आईपीएल का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा था। इसके बाद वे भारत की अंडर-19 टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए और वहां भी अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। हाल ही में उन्हें बिहार रणजी टीम का उपकप्तान बनाया गया है।

 अब लोकतंत्र के मैदान में ‘वैभव का शॉट’
अब क्रिकेट के मैदान से निकलकर वैभव को मिला है लोकतंत्र के सबसे बड़े मैच का जिम्मा लोगों को मतदान के लिए जागरूक करना।चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर वैभव का एक प्रेरणादायक वीडियो जारी किया है, जिसमें वे कहते हैं —
मैं जब मैदान में उतरता हूं, तो मेरी जिम्मेदारी होती है, टीम को जिताना। उसी तरह इस बार लोकतंत्र के मैदान में आपकी जिम्मेदारी है. वोट करना। आइए, एक जागरूक नागरिक बनिए और बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी भागीदारी निभाइए।”

दो चरणों में होगा मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे,पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को।
हर बार की तरह इस बार भी चुनाव आयोग ने जनजागरूकता के लिए लोकप्रिय हस्तियों को जोड़ा है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी सबसे युवा ‘फेस ऑफ कैंपेन’ बनकर सबका ध्यान खींच रहे हैं।

 युवा मतदाताओं के लिए नई प्रेरणा

वैभव का यह संदेश न केवल उनके हमउम्र क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंच रहा है, बल्कि उन सभी युवाओं को भी प्रेरित कर रहा है जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं।बिहार की मिट्टी से निकला यह युवा खिलाड़ी अब बल्ले से नहीं, “वोट की अपील” से इतिहास रचने की तैयारी में है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *