:
Breaking News

मोंथा' तूफान का असर! बिहार में चार दिन तक बारिश-तूफान का अलर्ट, मौसम बदलेगा मिज़ाज

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोहम्मद आलम

पटना। बंगाल की खाड़ी से उठा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ अब मौसम का रुख बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, यह तूफान बुधवार देर रात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के पास टकरा सकता है। इसकी रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। इस चक्रवात का असर अब बिहार तक पहुंचने वाला है, जहां अगले चार दिनों तक बारिश, गरज और वज्रपात का दौर चलेगा।

बिहार में मौसम का मिज़ाज बदलेगा

29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बिहार का मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आएगा। मौसम विभाग ने कहा है कि कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

आज बुधवार से ही राज्य के जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, गया, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं उत्तर बिहार में आसमान घने बादलों से ढका रहेगा, जबकि दक्षिण और पूर्वी बिहार के जिलों में भी बिजली चमकने और मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा) चल सकती हैं।

गुरुवार-शुक्रवार को मौसम रहेगा चरम पर

मौसम विभाग ने आगाह किया है कि आने वाले दो दिन — यानी गुरुवार और शुक्रवार को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान राजधानी पटना सहित लगभग सभी जिलों में जोरदार बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।

तापमान में गिरेगी पारा, ठंड देगी दस्तक

बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट तय है। अगले चार दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान नीचे आने का अनुमान है। यानी, इस बारिश के साथ बिहार में ठंड की दस्तक भी मानी जा रही है।
मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान फारबिसगंज में 34.2°C, जबकि सबसे कम पश्चिम चंपारण के बाल्मीकि नगर में 23.5°C दर्ज किया गया था।

सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है —

वज्रपात के समय खुले में न रहें,

पेड़ या खंभे के नीचे शरण न लें,

और जरूरी होने पर ही घर से निकलें।


चेतावनी साफ है: अगले चार दिन बिहार में बादल, बिजली और बारिश का जोर रहेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *