पटना/मोकामा, 30 अक्टूबर 2025:
बिहार की सियासत एक बार फिर गोली और ग़ुस्से के साए में आ गई है। गुरुवार को मोकामा विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरा इलाका सियासी तनाव से भर गया है।दुलारचंद यादव, जन सुराज के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के प्रबल समर्थक थे और चुनाव प्रचार में बेहद सक्रिय थे। कभी लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले दुलारचंद का मोकामा टाल इलाके में गहरा प्रभाव था। उन्होंने प्रियदर्शी के प्रचार के लिए एक चुनावी गीत भी रिकॉर्ड करवाया था।
काफिलों की भिड़ंत बनी जानलेवा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक़, गुरुवार दोपहर जन सुराज पार्टी और अनंत सिंह समर्थकों के काफिले आमने-सामने आ गए। बहसबाज़ी ने जल्द ही हिंसा का रूप ले लिया — लाठी-डंडे चले, अफरातफरी मची और गोलियों की आवाज़ गूंज उठी।
इसी दौरान एक गोली दुलारचंद यादव को लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।पुलिस ने फिलहाल इसे “संदिग्ध परिस्थितियों में मौत” बताया है। सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयान से सच्चाई तलाशने की कोशिश जारी है।
परिवार का आरोप — “ये अनंत सिंह का प्री-प्लान्ड मर्डर है”
मृतक के पोते नीरज कुमार ने सनसनीखेज दावा किया,
दादा को कर्मवीर और राजवीर ने गोली मारी। ये अनंत सिंह का पहले से सोचा हुआ मर्डर था। अनंत सिंह हमेशा हथियार लेकर चलता है — किसी की गाड़ी चेक नहीं होती।”
परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
तेजस्वी यादव का वार “आचार संहिता के बीच बंदूकें कैसे घूम रही हैं?”विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया,राज्य में आचार संहिता लागू है, फिर भी हथियार लेकर घूमने वालों को कौन संरक्षण दे रहा है? सिवान में एएसआई की हत्या हुई, अब मोकामा में जन सुराज समर्थक मारा गया — ये बिहार किस दिशा में जा रहा है?”
उन्होंने कहा कि “हार की बौखलाहट में बाहुबलियों की राजनीति फिर सिर उठा रही है।”
जन सुराज पार्टी का बयान — “लोकतंत्र पर हमला”
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा,यह घटना ‘जंगलराज’ का डर दिखाकर वोट मांगने वालों के इशारे पर हुई है। यह हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है।उन्होंने कहा कि हर उम्मीदवार को प्रचार करने का अधिकार है, और प्रचार के दौरान हमला या गोलीबारी जैसे कृत्य अस्वीकार्य हैं।
अनंत सिंह का जवाब — “RJD उम्मीदवार के पति सूरजभान इसमें शामिल”
दूसरी ओर, अनंत सिंह ने खुद को निर्दोष बताया और पलटवार किया जब मैं प्रचार कर रहा था, तभी मेरे काफिले पर हमला किया गया। इसमें RJD उम्मीदवार के पति सूरजभान सिंह शामिल हैं।”
मतदान से पहले बढ़ी बेचैनी
6 नवंबर को मोकामा में मतदान होना है। इस वारदात ने न सिर्फ माहौल को गर्माया है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था, चुनावी शुचिता और कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।