:
Breaking News

गया बाराचट्टी में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्रा की मौत, सड़क जाम से मचा हंगामा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

गया के बाराचट्टी क्षेत्र में जीटी रोड पर ट्रक की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्रा की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आक्रोश जताया।

गया/आलम की खबर:बिहार के गया जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जीटी रोड काहुदाग के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार मृत छात्रा की पहचान काहुदाग टोला बसेड़िया निवासी करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने पिता सत्येंद्र दास की सबसे छोटी बेटी थी और बाराचट्टी प्लस टू हाई स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। रोज की तरह वह सुबह साइकिल से अपनी सहेलियों के साथ स्कूल जा रही थी, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही करिश्मा अपनी साइकिल से जीटी रोड पार कर रही थी, उसी समय विपरीत दिशा से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल ट्रक के पहिए में फंस गई और छात्रा सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद ट्रक का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और गुस्से में जीटी रोड को जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी, जिससे लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन के खिलाफ साफ नजर आ रहा था।

सूचना मिलने पर बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। थाना अध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले में ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि काहुदाग से गजरागढ़ तक जीटी रोड पर न तो कोई अंडरपास है और न ही ओवरब्रिज, जिससे स्कूली बच्चों और आम लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद वाहनों की रफ्तार और बढ़ गई है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। यही कारण है कि इस इलाके में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।

घटना के बाद अंचल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं स्थानीय विधायक ज्योति देवी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की बात कही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिहार में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मासूम छात्रा की मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *