:
Breaking News

दिल्ली की हवा में थोड़ी राहत, लेकिन सांसें अभी भी भारी ज्यादातर इलाकों में AQI 300 के नीचे पहुंचा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली, 1 नवंबर:राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा का मिजाज थोड़ा बदला है। पिछले हफ्ते तक जो दिल्ली गैस चेंबर में तब्दील हो गई थी, अब वहां के आसमान में थोड़ी राहत नजर आने लगी है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के नीचे फिसला है, लेकिन इसे “साफ हवा” कहना अभी भी जल्दबाज़ी होगी।

सर्दी की दस्तक और धुंध की चादर

दिल्ली में सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम की ठंडक और हल्की धुंध लोगों को नवंबर की शुरुआत में ही कंपकंपी का अहसास करा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बादलों की मौजूदगी के कारण सूरज का असर भी हल्का रहा, जिससे हवा में ठहराव बढ़ा, लेकिन प्रदूषण का स्तर पिछले दिनों से थोड़ा नीचे आया है।

कौन सा इलाका कितना प्रदूषित?

शनिवार सुबह की रिपोर्ट के मुताबिक 

चांदनी चौक: AQI 297

आरके पुरम: 291

विवेक विहार: 277

सोनिया विहार: 274

द्वारका सेक्टर 8: 257

बुराड़ी: 255

अलीपुर: 252

नजफगढ़: 215

लोदी रोड: 149 (मध्यम श्रेणी की हवा)


दिल्ली का वजीरपुर इलाका सबसे प्रदूषित रहा, जहां हवा का AQI 325 दर्ज किया गया — यानी “बेहद ख़राब” श्रेणी में। जबकि आनंद विहार, जो हमेशा प्रदूषण की टॉप लिस्ट में रहता है, वहां अब स्थिति में सुधार देखा गया है और AQI 292 पर पहुंच गया है।

दीपावली के बाद सुधार की रफ्तार

दीपावली के बाद जब दिल्ली का AQI 350 के पार चला गया था, तब हालात बेहद गंभीर थे। लेकिन अब मौसम में बदलाव और ठंडी हवाओं के साथ प्रदूषण में गिरावट आई है। यह राहत भले अस्थायी हो, मगर यह संकेत है कि यदि सख्त कदम उठाए जाएं, तो दिल्ली की हवा को फिर से सांस लेने लायक बनाया जा सकता है।

राहत जरूर, लेकिन खतरा अभी बाकी

भले ही अक्टूबर महीने में दिल्ली का AQI एक भी दिन “गंभीर श्रेणी” (400+) में नहीं गया, फिर भी यह शहर अभी “सुरक्षित” नहीं है। 200 से ऊपर का AQI अब भी फेफड़ों के लिए खतरे की घंटी है — खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीज़ों के लिए।दिल्ली की हवा फिलहाल “बेहद खराब” से “खराब” की श्रेणी में पहुंची है — यानी ज़िंदगी अब भी मास्क पर टिकी है, बस थोड़ा कम घुटन भरा अहसास हो रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *