:
Breaking News

मोकामा हत्याकांड के बाद चुनाव आयोग सख्त, हथियार जमा कराने का अल्टीमेटम – संवेदनशील इलाकों पर निगरानी तेज

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना: मोकामा में जन सुराज समर्थक की हत्या के बाद बिहार की चुनावी फिज़ा गरमा गई है। बढ़ते तनाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने राज्य प्रशासन को फुल एक्शन मोड में रहने का आदेश दिया है। आयोग ने सभी जिलों में लाइसेंसी हथियार तत्काल जमा कराने और अवैध हथियारों की धरपकड़ शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए राज्य के तमाम आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी भी मौजूद रहे। आयोग ने साफ कहा कि “शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव” सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी चौकसी

बैठक में निर्देश दिया गया कि राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर, और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। आयोग ने कहा कि संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। साथ ही स्ट्रॉन्ग रूम और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

मोकामा में तनाव बरकरार, एक और FIR दर्ज

उधर, मोकामा में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद हालात अब भी तनावपूर्ण हैं। पंडारक थाने में आरजेडी उम्मीदवार वीणा देवी के समर्थकों की शिकायत पर एक नई FIR दर्ज की गई है। शुक्रवार को दुलारचंद की शवयात्रा के दौरान हुए बवाल में वीणा देवी के काफिले पर हमला हुआ था। इस मामले में सुमित, सोनू और गोलू को आरोपी बनाया गया है।

अब तक चार केस दर्ज

मोकामा हत्याकांड को लेकर अब तक चार एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं — जिनमें से तीन भदौर थाने और एक पंडारक थाने में दर्ज है। दुलारचंद के परिवार ने अनंत सिंह और उनके भतीजों राजवीर व कर्मवीर, साथ ही छोटन सिंह और कंजय सिंह को नामजद किया है। दूसरी ओर, अनंत सिंह खेमे के जितेंद्र कुमार ने जन सुराज प्रत्याशी प्रियदर्शी पीयूष और उनके समर्थकों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है।

आयोग का संदेश स्पष्ट

चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को साफ निर्देश दिया है .कानून व्यवस्था में कोई समझौता नहीं होगा। हथियारबंद राजनीति की जगह अब वोट की ताकत बोलेगी।बिहार में अब नजरें इस बात पर हैं कि क्या प्रशासन मोकामा जैसे हॉटस्पॉट इलाकों में हालात काबू में रख पाएगा या नहीं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *