:
Breaking News

समस्तीपुर में शिक्षा मंत्री की बड़ी समीक्षा बैठक, विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने और तकनीक आधारित शिक्षा पर जोर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Samastipur में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अतिथि गृह सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। इसमें विद्यालयों की स्थिति, आधारभूत संरचना और तकनीक आधारित शिक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई।

Samastipur/आलम की खबर:Samastipur स्थित अतिथि गृह सभागार में शनिवार को बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा विभाग के जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक के सभी अधिकारियों के साथ एक विस्तृत और महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य जिले में शिक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का आकलन करना तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को और अधिक मजबूत बनाना था।

बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों की स्थिति, आधारभूत संरचना, मानव संसाधन प्रबंधन तथा तकनीक आधारित शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए नियमित निरीक्षण प्रणाली को और मजबूत किया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति का सही आकलन हो सके।

मंत्री ने प्रखंडवार समीक्षा करते हुए विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, छात्र उपस्थिति, मध्यान भोजन योजना की गुणवत्ता तथा उपलब्ध संसाधनों के उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को समय के साथ बदलते हुए तकनीक से जोड़ना बेहद आवश्यक है, जिससे छात्रों को आधुनिक और प्रभावी शिक्षा मिल सके।

बैठक में तकनीक आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों और शिक्षण सामग्रियों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ हर विद्यालय और छात्र तक पहुंचे, इस पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से विद्यालयों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि छात्रों को बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही मानव संसाधन प्रणाली को रेशनलाइज कर शिक्षकों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि जहां शिक्षकों की आवश्यकता अधिक है, वहां शीघ्र उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी विद्यालय में पढ़ाई बाधित न हो। साथ ही उन्होंने “सिंगल विंडो सिस्टम” लागू करने की दिशा में भी चर्चा की, जिससे शिक्षकों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके और उन्हें प्रशासनिक परेशानियों से मुक्ति मिल सके।

मध्यान भोजन योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने इसकी गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

इस बैठक में कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें स्थानीय विधायक, विधान पार्षद और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। सभी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए चल रहे प्रयासों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक के अंत में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए और शिक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और आधुनिक बनाया जाए।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *