:
Breaking News

राबड़ी देवी का तीखा वार: “गरीब का राज जंगलराज, तो सत्ता संरक्षण में हत्या किसका राज?” मोकामा कांड पर गरजीं, बेटों पर भी बोलीं खुलकर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना। बिहार के चुनावी माहौल में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान ने सियासत की रफ्तार अचानक तेज कर दी है। मोकामा में आरजेडी समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पूरे राज्य में माहौल गरम है, और इसी बीच राबड़ी देवी ने सत्तारूढ़ एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा—“जब गरीब का राज होता है, तब जंगलराज कहा जाता है, लेकिन जब सत्ता के संरक्षण में हत्या और अपराध होते हैं तो उसे क्या कहा जाएगा?” उनके इस सवाल ने बिहार की राजनीति में तूफान ला दिया है।
राबड़ी देवी ने पहली बार खुलकर बेटे तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के रिश्तों पर भी बात की। उन्होंने कहा—“मन से बेटा है, पर पार्टी से और घर से इन्हें निकाल दिया गया है। प्रचार के लिए नहीं जाऊंगी, लेकिन दिल से चाहती हूं कि चुनाव जीते। वो अपने पैरों पर खड़ा है और बिहार में काम करने का उसे पूरा हक है।” तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच चल रही खींचतान पर बोलीं—“परिवार में कभी-कभी मतभेद होते हैं, पर खून का रिश्ता कभी नहीं टूटता। जिनका खुद का घर नहीं होता, वही दूसरों के घर में लड़ाई लगाते हैं।”
राबड़ी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा—“जब गरीब का बच्चा पढ़ने लगा, जब जनता अपने हक की बात करने लगी, तब जंगलराज कहा गया। लेकिन अब जब मोकामा और आरा में खुलेआम मर्डर हो रहे हैं, तो इसे क्या कहा जाए?” उन्होंने नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा—“हम लोग दुश्मन नहीं बनाते, वो लोग बनाते हैं। तेजस्वी पर हमें पूरा भरोसा है, जब वह मन में ठान लेता है, तो कर दिखाता है—जैसे 17 महीने में काम कर के दिखाया।”
इसी बीच राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी बीजेपी और एनडीए पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा—“सत्ता के संरक्षण में अपराधी घूम रहे हैं और जो आवाज उठाता है, उसे कुचल दिया जाता है। बीजेपी में दागी लोग जाते ही पवित्र कैसे हो जाते हैं? क्या मुजफ्फरपुर बालिका गृह की बच्चियों को कभी न्याय मिलेगा?” रोहिणी ने कहा कि “20 साल सत्ता में रहने के बाद भी एनडीए ने क्या किया? तेजस्वी ने जो रोजगार दिया, जनता उसका जवाब 14 तारीख को देगी।”
राबड़ी देवी ने जनता से अपील की—“पांच किलो राशन के बहकावे में मत आना। तेजस्वी ने जो वादे किए, उन्हें निभाया है। हर घर में सरकारी नौकरी पहुंचेगी।” उन्होंने कहा कि “हमारे शासनकाल में सबको सम्मान मिला था, सिर्फ एम-वाई समीकरण नहीं, सबको प्रतिनिधित्व दिया गया था।”अंत में उन्होंने एक बार फिर अपने अंदाज में तंज कसते हुए कहा,जब अपराध बढ़ रहा है तो अब कौन सा राज चल रहा है? जंगलराज या आसाराम का राज?” उनके इस एक वाक्य ने पूरे बिहार के सियासी गलियारों में सनसनी फैला दी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *