:
Breaking News

नीतीश कुमार का जनता से सीधा संदेश: "हमने बिहार को डर और पिछड़ेपन से निकाला, अब गर्व से कहलाते हैं बिहारी"

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पाँच दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी करते हुए जनता के नाम अपनी बात रखी। उन्होंने बीते दो दशकों की उपलब्धियों को याद दिलाया और विपक्षी दल राजद पर तीखा वार किया। नीतीश ने कहा कि "हमने ईमानदारी और मेहनत से बिहार को नई पहचान दी है। जो लोग पहले शासन में थे, उनके समय में राज्य में जंगलराज था, जबकि हमने कानून व्यवस्था को मजबूती दी और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।" मुख्यमंत्री ने कहा कि अब महिलाएं रात को भी बिना डर के घर से निकल सकती हैं, यह बदलाव एनडीए सरकार की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने सभी वर्गों—हिंदू, मुस्लिम, पिछड़े, दलित, महादलित—के विकास के लिए समान रूप से काम किया है, किसी एक परिवार या जाति के लिए नहीं।
जेडीयू प्रमुख ने कहा कि पहले 'बिहारी' कहलाना मज़ाक या अपमान की तरह समझा जाता था, लेकिन आज यह गर्व की बात बन गई है। नीतीश ने कहा कि "हमने बिहार को उस दौर से निकाला जब लोग इसे पिछड़े राज्य के रूप में जानते थे। आज बिहार ने देश में अपनी नई पहचान बनाई है।" उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक सत्ता में रहकर महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया, वे अब भाषण दे रहे हैं। एनडीए सरकार ने महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि "केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार मिलकर बिहार के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। विकास की गति पहले से कहीं तेज हुई है।" उन्होंने जनता से अपील की कि वे मतदान के दिन घरों से निकलें और एनडीए को एक और मौका दें। नीतीश ने कहा, "अगर हमें फिर से सेवा का अवसर मिला, तो बिहार को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करेंगे।"गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर मतदान दो चरणों में होना है—पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *