:
Breaking News

मोकामा में सियासी भूचाल: जन सुराज कार्यकर्ता की हत्या के आरोप में JDU नेता अनंत सिंह गिरफ्तार،पुलिस की देरी पर विपक्ष का वार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पटना पुलिस ने शनिवार की रात पूर्व विधायक और जेडीयू नेता अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब मामला लगातार राजनीतिक रंग ले रहा था और प्रशासन पर ढिलाई के आरोप लग रहे थे।गिरफ्तारी के बाद जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा—“यह कदम स्वागत योग्य है,लेकिन यह कार्रवाई बहुत देर से हुई।एफआईआर दर्ज होते ही गिरफ्तारी हो जानी चाहिए थी,पर पुलिस तब खामोश रही।आज भी वे 50 गाड़ियों के काफिले के साथ प्रचार कर रहे थे।”प्रियदर्शी ने कहा कि अब सबसे जरूरी है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करे ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

मोकामा में हिंसा से हत्या तक की पूरी कहानी

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को मोकामा में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी।पथराव और हंगामे में कई लोग घायल हुए,इसके बाद गांव से 75 वर्षीय दुलारचंद यादव का शव बरामद किया गया।जांच में सामने आया कि यह वारदात आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के दौरान हुई थी और मुख्य आरोपी खुद प्रत्याशी अनंत सिंह हैं।
पुलिस ने अनंत सिंह के साथ उनके दो सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी गिरफ्तार किया है।तीनों को आज मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।एसएसपी ने बताया कि हत्या के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सीआईडी ने भी जांच अपने हाथों में ले ली है।

लापरवाही पर दो थाना प्रभारी सस्पेंड

मामले में पुलिस प्रशासन पर भी गाज गिरी है।घोसवरी थाना प्रभारी मधुसूदन कुमार और भदौर थाना प्रभारी रवि रंजन को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।एसएसपी ने कहा कि “कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जो भी दोषी पाया जाएगा,उस पर कार्रवाई तय है।”

बाहुबलियों का गढ़ फिर सुर्खियों में

मोकामा विधानसभा सीट को बिहार की राजनीति में ‘बाहुबली नेताओं का गढ़’ कहा जाता है।यह इलाका लंबे समय से अनंत सिंह,उनके भाई दिलीप सिंह और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह जैसे दबंग चेहरों के प्रभाव में रहा है।इस बार मुकाबला सीधा है—एक तरफ जेडीयू के अनंत सिंह और दूसरी ओर राजद की वीणा देवी (सूरजभान सिंह की पत्नी)।दोनों ही भूमिहार समाज से आते हैं,जिससे टक्कर और दिलचस्प बन गई है।पहले चरण का मतदान 6 नवंबर,दूसरे चरण का 11 नवंबर और मतगणना 14 नवंबर को होगी।अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने इस सीट को फिर सुर्खियों में ला दिया है,जहां सत्ता,सियासत और शक्ति की तिकड़ी एक बार फिर आमने-सामने है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *