:
Breaking News

“बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते” — अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर सपा का तंज, पीएम मोदी की रैली से पहले ही पूरा किया गया ‘कोरम’

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार की सियासत में मोकामा हत्याकांड को लेकर शनिवार देर रात बड़ी हलचल देखने को मिली। जन सुराज कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पटना पुलिस ने एनडीए प्रत्याशी और जेडीयू नेता अनंत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी ठीक उस वक्त हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार में चुनावी रैली प्रस्तावित थी। अब इस पर समाजवादी पार्टी ने तीखा वार किया है।
सपा नेता आईपी सिंह ने सोशल मीडिया पर कहा—“बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते... हत्या के चार दिन बाद प्रधानमंत्री और गृहमंत्री लगातार रैलियां करते रहे, लेकिन उन्हें यह अहसास नहीं हुआ कि उनके प्रत्याशी पर हत्या का आरोप है। आज जब मोदी जी की रैली है और यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, तो मजबूरी में गिरफ्तारी का कोरम पूरा किया गया।”

हत्या और गिरफ्तारी की पूरी कहानी

मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह को शुक्रवार की रात उनके सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ बाढ़ के पास बेदना गांव से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तारी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और हत्या के मामले से जुड़ी है। पुलिस का कहना है कि अनंत सिंह के काफिले के दौरान हुई हिंसा में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव (75) की मौत हो गई थी।

प्रशासन सख्त, आचार संहिता पर जोर

पटना के डीएम डॉ. थियागराजन एस.एम. ने कहा कि “यह घटना बेहद गंभीर है और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान शांति बनाए रखने के लिए सभी लाइसेंसी हथियार जब्त किए जाएंगे और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं होगी।

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस की कई टीमों ने मोकामा, बाढ़ और आस-पास के इलाकों में छापेमारी की। अब तक तीन गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं, जबकि सीआईडी की टीम मामले की गहन जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि “सबूतों और बयानों के आधार पर हत्या का मामला पूरी तरह पुष्टि के साथ दर्ज किया गया है।” पोस्टमार्टम रिपोर्ट में घाव के निशान मिले हैं, हालांकि गोलियों के साक्ष्य नहीं मिले हैं।

मोकामा बना सियासी हॉटस्पॉट

पहले चरण के मतदान से ठीक पहले अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। एक ओर जेडीयू सरकार विपक्ष के हमले झेल रही है, तो दूसरी ओर सपा ने भी अब मैदान में उतरकर भाजपा और एनडीए पर सवाल उठाए हैं। मोकामा की यह लड़ाई अब सिर्फ वोटों की नहीं, बल्कि साख और कानून की परीक्षा बन गई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *