:
Breaking News

Nawada Murder News: नवादा में खूनी संघर्ष, दो युवकों की हत्या से दहला गांव

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार के नवादा जिले में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो युवकों की मौत हो गई। घटना के पीछे छेड़खानी और जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नवादा/आलम की खबर:बिहार के नवादा जिले से सोमवार को ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। नरहट थाना क्षेत्र के छोटी पाली गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी शुरू हो गई और दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मोहम्मद काशिफ और 22 वर्षीय मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। वहीं हमले में मोहम्मद आतिफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में तनाव फैल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार को गांव में पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोग धारदार हथियार लेकर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान ताबड़तोड़ चाकू चलाए गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दो युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार का तनाव दोबारा न बढ़ सके।

मृतक पक्ष के परिजनों ने इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी छेड़खानी की घटना को वजह बताया है। परिजनों का आरोप है कि करीब छह महीने पहले उनकी चचेरी बहन के साथ आरोपियों ने छेड़खानी की थी। उस समय परिवार ने विरोध करते हुए थाने में मामला दर्ज कराया था। इसी केस में एक आरोपी जेल भी गया था। परिजनों का कहना है कि जेल जाने के बाद आरोपी पक्ष बदला लेने की फिराक में था और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद दानिश ने बताया कि घटना से पहले भी लगातार धमकियां मिल रही थीं। सोमवार को भी आरोपियों ने रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके कुछ देर बाद ही हथियारबंद लोग पहुंचे और हमला शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर सीधे हत्या करने की नीयत से आए थे।

वहीं दूसरी तरफ आरोपी पक्ष ने इस पूरे मामले को जमीन विवाद से जोड़ दिया है। आरोपी पक्ष की महिला फिरोजा खातून ने दावा किया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले मारपीट शुरू की और उसके बाद मामला हिंसक हो गया। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, लेकिन यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या की मुख्य वजह छेड़खानी विवाद था या जमीन का झगड़ा। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और गांव में लगे सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

गांव के लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव था। कई बार पंचायत स्तर पर विवाद सुलझाने की कोशिश भी हुई थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। ग्रामीणों का मानना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने सख्ती दिखाई होती तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती।

इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

यह भी पढ़ें:

पटना में HDFC बैंक कैश वैन लूट की कोशिश नाकाम

वैशाली में छोटे भाई ने बड़े भाई की गला रेतकर हत्या की

सीतामढ़ी में कब्र खोदकर निकाला गया नाबालिग लड़की का शव

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *