:
Breaking News

मोतिहारी में गर्भवती महिला की मौत के बाद बवाल, नर्सिंग होम में तोड़फोड़ और सड़क जाम

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

मोतिहारी के बिजधरी में निजी नर्सिंग होम में गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया, सड़क जाम और तोड़फोड़ की घटना से माहौल तनावपूर्ण।

मोतिहारी/आलम की खबर :बिहार के मोतिहारी जिले से एक दर्दनाक और तनावपूर्ण घटना सामने आई है जहां बिजधरी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान तीन माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद भारी बवाल मच गया। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

मृतका की पहचान मनोहर छपरा गांव निवासी सुभाष पंडित की 25 वर्षीय पत्नी चंचल देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार चंचल देवी तीन महीने की गर्भवती थीं और उन्हें डीएनसी प्रक्रिया के लिए बिजधरी क्षेत्र के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और समय पर सही उपचार नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई।

परिवार वालों का कहना है कि शुरुआत में नर्सिंग होम में गर्भपात की दवा दी गई थी, जिसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं किया गया और बाद में ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान स्थिति गंभीर हो गई और डॉक्टरों ने लापरवाही बरती।

स्थिति बिगड़ने पर परिजन महिला को बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले गए, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गुस्साए परिजन सीधे नर्सिंग होम पहुंच गए।

देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और आक्रोशित भीड़ ने नर्सिंग होम परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बेकाबू होने पर लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और कर्मियों को वहां से भागना पड़ा।

इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव को नर्सिंग होम के सामने रखकर सत्तरघाट मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया और घंटों की मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया। हालांकि परिजनों का गुस्सा काफी देर तक शांत नहीं हुआ।

इधर हंगामे के बाद नर्सिंग होम के डॉक्टर और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह नर्सिंग होम कुशहर निवासी राजन कुमार द्वारा संचालित किया जाता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर निजी नर्सिंग होम की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है और प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *