:
Breaking News

समस्तीपुर में चुनावी तैयारी पूरी: 3603 बूथों पर सख्त निगरानी, विदेशी पर्यवेक्षक भी पहुंचेंगे मतदान का नजारा देखने

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

        मोहम्मद आलम

समस्तीपुर। जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। मंगलवार को जिला अधिकारी रोशन कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3603 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 1762 भवनों में स्थापित हैं। जिले में कुल 29 लाख 40 हजार 776 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 15 लाख 68 हजार 365 पुरुष और 13 लाख 72 हजार 411 महिला मतदाता शामिल हैं।

डीएम कुशवाहा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में लगभग 58 हजार अधिकारी-कर्मचारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं। इस बार 20 महिला मतदान केंद्र, 10 मॉडल आदर्श केंद्र, 10 युवा कर्मियों द्वारा संचालित केंद्र, और 10 दिव्यांग जनों के नेतृत्व वाले केंद्र बनाए गए हैं — ताकि हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र परिसर में पहुंच जाता है तो उसे मतदान का अवसर अवश्य दिया जाएगा। मतदाताओं को EPIC कार्ड या चुनाव आयोग द्वारा मान्य 12 दस्तावेजों में से किसी एक पहचान पत्र के साथ मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।

डीएम कुशवाहा ने बताया कि इस बार भारत निर्वाचन आयोग के निमंत्रण पर विदेशी मेहमान और एंबेसडर भी समस्तीपुर आएंगे, जो यहां के मतदान तंत्र, पारदर्शिता और जनता की भागीदारी का अध्ययन करेंगे।

मतदान केंद्रों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी 3603 केंद्रों पर लाइव ब्रॉडकास्टिंग की व्यवस्था है और हर बूथ पर दो-दो कैमरे लगाए गए हैं, जो अंदर और बाहर दोनों जगह की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। डीएम ने कहा, “हम कंट्रोल रूम से हर बूथ की मॉनिटरिंग करेंगे ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी, बूथ कैप्चरिंग या दबाव की स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।”

सभी मतदान केंद्रों पर मोबाइल रखने की अलग व्यवस्था की गई है। मतदाता अपने मोबाइल जमा कर मतदान कर लौटने पर वापस ले सकेंगे। पर्दानशीं महिलाओं के लिए हर बूथ पर महिला कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।

प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, और प्रत्येक बूथ को सुरक्षा की दृष्टि से वर्गीकृत कर निगरानी रखी जाएगी।

डीएम ने अंत में कहा, “इस बार का चुनाव पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष होगा। जिले के मतदाता निडर होकर अपने मत का प्रयोग करें  यही सच्चा लोकतंत्र है।”

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *