:
Breaking News

Bihar Election 2025: लोकतंत्र के पर्व में उमड़ा जनसैलाब, पहले चरण की वोटिंग में सुबह 9 बजे तक 13.13% मतदान, तेजस्वी-मैथिली की सीटों पर टक्कर तेज

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार (6 नवंबर) सुबह 7 बजे से पूरे जोश के साथ जारी है। राज्य की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए सुबह से ही पोलिंग बूथों पर कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में बिहार की जनता का उत्साह देखने लायक है।

निर्वाचन आयोग से सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार औसतन 13.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। बेगूसराय जिला में अब तक सबसे अधिक 14.60% वोटिंग हुई है, जबकि लखीसराय में सबसे कम 7% मतदान दर्ज किया गया है। यह वही सीट है, जहां से राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा चुनाव मैदान में हैं।

जिलावार रुझान की बात करें तो बेगूसराय के बछवाड़ा, चेरिया बरियारपुर और तेघरा जैसे इलाकों में भारी मतदान देखने को मिला, जबकि राजधानी पटना जिले में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही। यहां औसतन 11.22% मतदान दर्ज हुआ। वहीं, दीघा, बांकीपुर और कुम्हरार सीटों पर सुबह के वक्त मतदान बेहद कम रहा।

दरभंगा जिला, जहां लोकगायिका मैथिली ठाकुर मैदान में हैं, वहां 12.48% मतदान दर्ज किया गया। तेजस्वी यादव की सीट समेत कई अन्य हाईप्रोफाइल क्षेत्रों में भी वोटिंग लगातार बढ़ रही है।

पहले चरण में कुल 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। इस चरण में 3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र दीघा है, जहां 4,57,657 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि सबसे छोटा क्षेत्र बरबीघा है, जिसमें 2,31,998 मतदाता शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग ने छह संवेदनशील सीटों—सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा—में मतदान समय एक घंटा घटा दिया है। यहां सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी, जबकि शेष 115 सीटों पर मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

पहले चरण की वोटिंग में कई नामी चेहरे मैदान में हैं—तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव, तेज प्रताप यादव, उमेश कुशवाहा और भोला यादव जैसे दिग्गजों की किस्मत आज ईवीएम में कैद हो रही है।बिहार में लोकतंत्र का उत्सव चरम पर है—हर गली, हर मोहल्ले में चर्चा सिर्फ एक सवाल की है, “इस बार जनता किसे देगी भरोसे की मुहर?”

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *