:
Breaking News

Samastipur Media Monitoring Cell: समस्तीपुर में मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग का गठन, फेक और भ्रामक खबरों पर होगी त्वरित कार्रवाई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar: समस्तीपुर जिला प्रशासन ने मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग का गठन किया है। सोशल मीडिया, डिजिटल, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की निगरानी के साथ भ्रामक खबरों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

समस्तीपुर, 15 जुलाई। आलम की खबर: बिहार सरकार के मुख्य सचिव के पत्रांक-1425, दिनांक 10 जुलाई 2026 के आलोक में समस्तीपुर जिला प्रशासन ने जिला स्तर पर मीडिया मॉनिटरिंग-सह-मीडिया प्रबंधन कोषांग का गठन कर दिया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस कोषांग का उद्देश्य सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों पर सरकार से संबंधित समाचारों, जन-सुझावों, जन-प्रतिक्रियाओं तथा जनभावनाओं की नियमित निगरानी करना, सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करना तथा भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरों का समय पर सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करना है।

जारी आदेश के अनुसार उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर को कोषांग का अध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) तथा वरीय उप समाहर्ता श्री धर्मराज को सदस्य नामित किया गया है। वहीं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, समस्तीपुर को इस कोषांग का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

कोषांग विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों, उपलब्धियों एवं जनहितकारी पहलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया संस्थानों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करेगा। इसके अलावा जिले में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया एवं वेब मीडिया पर प्रकाशित और प्रसारित होने वाली खबरों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

यदि निगरानी के दौरान किसी समाचार को भ्रामक, तथ्यहीन अथवा गलत पाया जाता है तो संबंधित विभाग अथवा अधिकारी से तथ्य एवं खंडन प्राप्त कर संबंधित मीडिया संस्थान या पोर्टल को उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी आधिकारिक तथ्य जारी किए जाएंगे।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरों के मामलों को जिला स्तरीय साइबर पुलिस को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। साइबर सेल ऐसे मामलों में संबंधित सोशल मीडिया हैंडल या प्रोफाइल के विरुद्ध पोस्ट हटाने, प्रोफाइल हटवाने तथा प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

इसके अतिरिक्त कोषांग द्वारा किए गए कार्यों की मासिक अनुश्रवण रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (मुख्यालय), बिहार को भेजी जाएगी। जिलाधिकारी ने इस व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि इस पहल से जिले में सरकारी सूचनाओं का त्वरित प्रसार होगा तथा फर्जी एवं भ्रामक खबरों पर समय रहते नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें

बिहार बंद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

बिहार में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

विशेष टिप्पणी

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में सूचना का तेजी से प्रसार होता है। ऐसे समय में प्रशासन द्वारा मीडिया मॉनिटरिंग कोषांग का गठन सही और प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि इस व्यवस्था का संचालन पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाता है तो इससे अफवाहों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *