:
Breaking News

कटिहार सदर अस्पताल में कैदी का बवाल: आधे घंटे तक चला ड्रामा, पुलिस ने काबू किया

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

कटिहार सदर अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के लिए लाए गए एक कैदी ने अचानक वार्ड में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। अमदाबाद थाना क्षेत्र के गंभीर मामले में गिरफ्तार शंभू मंडल को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लाया गया था, लेकिन पहुंचते ही उसने अस्पताल के कैदी वार्ड को रणभूमि बना दिया।

अस्पताल स्टाफ के मुताबिक, वार्ड में घुसते ही शंभू मंडल ने बिस्तर, दरवाजे और खिड़कियों पर ताबड़तोड़ लात-घूंसे जमाने शुरू कर दिए। सुरक्षा गार्ड्स ने रोकने की कोशिश की तो उसने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट कर दी। अचानक हुए इस बवाल से मरीज और तीमारदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जेल सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि शंभू पहले से ही झगड़े के मूड में था और मौके की तलाश कर रहा था। अंदेशा है कि वह अस्पताल की भीड़ का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करना चाहता था। हालात बिगड़ते देख अस्पताल प्रशासन ने तुरंत नगर थाना को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जेल गार्ड्स की मदद से करीब 30 मिनट की जद्दोजहद के बाद शंभू मंडल को काबू में किया। उसके बाद उसे दोबारा जंजीरों में बांधकर कैदी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात कर दिया गया है।

हंगामे के दौरान अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने का निर्देश जारी कर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल में स्थिति सामान्य कर दी गई है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *