:
Breaking News

रोहतास में दिल दहलाने वाली वारदात: घरेलू तनाव ने छीनी तीन जिंदगियां, पत्नी–पिता की हत्या के बाद अमित ने खुद को भी मारी गोली

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

रोहतास जिले के भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। पारिवारिक तनाव से जूझ रहे अमित सिंह ने अचानक घर में तांडव मचा दिया। विवाद बढ़ा तो उसने पहले अपनी पत्नी नीतू देवी पर गोली चला दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता शालिग्राम सिंह को भी उसने नहीं बख्शा। दोनों की हत्या के बाद अमित ने खुद को भी गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया।

इस भयावह घटना से पूरा गांव सदमे में है। देर रात करीब एक बजे घर के अंदर चीख-पुकार मची, लेकिन अमित के हिंसक रूप को देखते हुए बाकी परिजन भयभीत होकर कमरे में ही छिप गए। जब तक लोग बाहर निकले, तीनों की मौत हो चुकी थी।

लंबे समय से मानसिक तनाव में था अमित

गांववालों और परिजनों का कहना है कि अमित सिंह पिछले कई दिनों से घरेलू विवाद और मानसिक तनाव से ग्रस्त था। अक्सर घर में झगड़े की स्थिति बनती रहती थी। सोमवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अंजाम बेहद खौफनाक दे दिया। कुछ लोगों ने उसके मानसिक संतुलन बिगड़ने की आशंका भी व्यक्त की है।

एफएसएल टीम के साथ पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही बिक्रमगंज एएसपी अंकित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर एफएसएल टीम के साथ सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठे कर लिए हैं। परिजनों के बयान और घटनास्थल के आधार पर पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है।

एएसपी ने यह भी पुष्टि की कि परिवार ने अमित के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात कही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर अलग-अलग जांच कर रही है।

डिहरा गांव में सुबह होते ही मातम पसरा है—एक ही परिवार की तीन अर्थियां उठने से पूरा इलाका शोक से भर गया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *