:
Breaking News

“नीतीश की नई सरकार का बड़ा ऐलान: बिहार बनेगा टेक्नोलॉजी हब, 1 करोड़ युवाओं को नौकरी”

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना.10वीं बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही नीतीश कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। शपथ के 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने यह साफ संदेश दे दिया है कि नई सरकार का अगला पाँच साल युवाओं के रोजगार, उद्योगों के विस्तार और टेक्नोलॉजी-आधारित विकास पर केंद्रित होगा।

पहली कैबिनेट बैठक के बाद सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया पर विस्तृत रोडमैप साझा करते हुए बताया कि सात निश्चय–2 के तहत 2020 से 2025 के बीच 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया गया है, अब 2025–30 के बीच 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

सीएम ने कहा कि सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और नौकरी निर्माण की गति तेज करने के लिए “न्यू ऐज इकोनॉमी” के निर्माण पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए बिहार से जुड़े दिग्गज उद्यमियों, आर्थिक विशेषज्ञों और तकनीकी जानकारों के सुझाव के आधार पर नई नीतियाँ तैयार की जाएँगी।

नीतीश कुमार ने यह भी घोषणा की कि बिहार को ‘वैश्विक बैक-एंड हब’ और ‘ग्लोबल वर्क प्लेस’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए डिफेंस कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स, मेगा टेक सिटी और फिनटेक सिटी जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा मानव संसाधन है, और यदि इसे दिशा मिली तो बिहार देश के सबसे तेज़ी से बढ़ते राज्यों में शामिल होगा।

नई औद्योगिक नीति के तहत बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने और नई मिलों की स्थापना की योजना भी तेज़ हो गई है। साथ ही राज्य के प्रमुख शहरों को अधिक आधुनिक और स्मार्ट बनाने के लिए बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत नई तकनीकों का व्यापक उपयोग बढ़ेगा।

इन सभी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जो रोजगार और औद्योगिक विकास से जुड़े हर पहलू पर नज़र रखेगी।

सीएम ने कहा—“जो काम हम शुरू करते हैं, उसे पूरा करते हैं।”
नीतीश कुमार के इस नए विकास रोडमैप से साफ है कि आने वाले महीनों में बिहार में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश, टेक्नोलॉजी बेस्ड परियोजनाओं और रोजगार नीति में तेज़ी देखने को मिलेगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *