:
Breaking News

धुंध का डबल असर: पटना एयरपोर्ट पर 14 उड़ानें लेट, ट्रेनें भी घंटों पीछे चलीं

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना में सोमवार की सुबह हल्की धुंध और स्मॉग ने यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता घटने से सात जोड़ी यानी 14 फ्लाइटें अपने तय समय से देर से चलीं या देरी से पटना पहुंचीं। दिल्ली और मुंबई रूट सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट 6E-2134 करीब दो घंटे देर से रवाना हुई, जबकि मुंबई जाने वाली 6E-2167 एक घंटे पीछे चली। एयर इंडिया की मुंबई फ्लाइट AI-2790 भी डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची। पुणे, हैदराबाद और अन्य रूटों की उड़ानों को भी अतिरिक्त देरी झेलनी पड़ी।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सुबह के समय अचानक नमी बढ़ने से स्मॉग की हल्की परत बन गई, जिससे विमान टेकऑफ और लैंडिंग में अतिरिक्त समय लग गया। एयरलाइंस ने यात्रियों को मैसेज और ईमेल से देरी की जानकारी दे दी थी, फिर भी कई यात्री परेशान दिखे और सोशल मीडिया पर कंपनियों को टाइम मैनेजमेंट सुधारने की नसीहत देते रहे। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मौसम में सुधार की उम्मीद है, लेकिन तापमान गिरने के साथ उड़ानों पर असर जारी रह सकता है।

रेलवे परिचालन पर भी धुंध का सीधा प्रभाव देखने को मिला।
दानापुर रेल मंडल के कई रूटों पर सोमवार को ट्रेनें घंटों लेट रहीं। पटना जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बरौनी–दानापुर मेमू 45 मिनट देर से पहुंची, जबकि झाझा–दानापुर फास्ट पैसेंजर करीब 1 घंटे 43 मिनट पीछे चली। श्रमजीवी सुपरफास्ट 2 घंटे 40 मिनट और हावड़ा वंदे भारत लगभग 2 घंटे की देरी से चली। उधना–जयनगर अंत्योदय एक्सप्रेस भी करीब आधा घंटा लेट रही।

पूजा स्पेशल ट्रेनों का हाल और खराब रहा।
आनंद विहार–भागलपुर पूजा स्पेशल 4 घंटे 31 मिनट देर से आई, जबकि उधना–जयनगर पूजा स्पेशल लगभग 11 घंटे पीछे चल रही है। बरौनी–उधना पूजा स्पेशल 9 घंटे और रक्सौल पूजा स्पेशल 7 घंटे से ज्यादा देरी में रहीं। कई अन्य ट्रेनें भी एक से तीन घंटे तक पीछे रहीं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार का सामना करना पड़ा।

रेलवे सूत्रों का कहना है कि धुंध, तकनीकी वजहें और भारी ट्रैफिक लोड—तीनों मिलकर संचालन को प्रभावित कर रहे हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *