:
Breaking News

लखीसराय में नशा मुक्ति दिवस पर जनसैलाब, प्रभात–फेरी से लेकर राज्यस्तरीय संबोधन तक जागरूकता का बड़ा अभियान जनभागीदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता से गूँजा संदेश—“नशा छोड़ो, जीवन संवारो

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय। बुधवार को जिले में नशा मुक्ति दिवस बड़े पैमाने पर आयोजित हुआ, जिसमें सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, जीविका समूहों, विद्यालयों के छात्र–छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम ने एक प्रशासनिक आयोजन से आगे बढ़कर जनांदोलन का रूप ले लिया।

प्रभात–फेरी में उमड़ा जनसैलाब

सुबह आर. लाल कॉलेज से गांधी मैदान तक निकाली गई विशाल प्रभात–फेरी ने पूरे शहर का माहौल बदल दिया। छात्र–छात्राएं, जीविका दीदियाँ और बड़ी संख्या में नागरिक नारे, पोस्टर और बैनरों के साथ नशा मुक्ति का संदेश फैलाते नजर आए। रैली के दौरान बच्चों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से आकर्षक रही।

जिलाधिकारी का प्रेरक संबोधन

आर. लाल कॉलेज परिसर में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। इसलिए जनभागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।इसके बाद कॉलेज से निकली प्रभात–फेरी गांधी मैदान पहुँचकर संपन्न हुई, जहाँ जागरूकता संदेशों की गूंज ने कार्यक्रम को और प्रभावी बना दिया।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम से सीधा संबोधन 

पूर्वाह्न में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में बिहार सरकार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग के माध्यम से राज्य स्तर पर संबोधित किया।

मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा—
“इरादा नेक हो और नियत साफ हो, तो हर कठिनाई छोटी हो जाती है। शराबबंदी सामाजिक हित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है, जिसे राज्य सरकार पूरी निष्ठा के साथ लागू कर रही है।”

उन्होंने हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों के दौरान मद्यनिषेध विभाग के प्रभावी कार्यों की प्रशंसा की।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपने संबोधन में महिलाओं और जीविका समूहों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी सक्रियता ने शराबबंदी को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है।

नशा मुक्ति और संविधान दिवस—दोनों मूल्यों की मिसाल
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने उपस्थित लोगों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही मजबूत समाज की नींव रख सकता है।

अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता एवं कला–संस्कृति पदाधिकारी प्राची कुमारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) वंदना पांडेय, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, उत्पाद अधीक्षक विभा कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नैंसी मुर्मू समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *